Bharat Express DD Free Dish

आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, 46 दिन बाद खुला राज

UP News: उत्तर प्रदेश के आगरा में पत्नी ने पति की हत्या कर शव को बाथरूम में दफनाया और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.

UP News: आगरा से एक ऐसी सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने फिल्मी कहानियों को भी पीछे छोड़ दिया. सिकंदरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति की हत्या कर दी और उसकी लाश को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे छिपा दिया. इसके बाद उसने नया प्लास्टर करवा दिया और खुद पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पूरे 46 दिन तक वह पुलिस और परिजनों को गुमराह करती रही.

पुलिस के सामने टूटा सब्र

शुरुआत में किसी को शक नहीं हुआ. लेकिन जब पुलिस एक पुराने केस की जांच के लिए घर पहुंची, तो महिला का धैर्य टूट गया. उसने अपने जेठ के सामने सच कबूल कर लिया कि उसने पति को मारकर बाथरूम में दफनाया है. पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी रूबी को हिरासत में लिया और फर्श खोदकर सुरेंद्र कुमार शर्मा का कंकाल बरामद किया.

रोज शव के ऊपर नहाती रही

पुलिस पूछताछ में रूबी ने बताया कि उसने जिस बाथरूम में पति को दफनाया था, उसी जगह पर वह रोज नहाती रही. 46 दिनों तक वह शव के ऊपर खड़े होकर नहाती रही और किसी को भनक तक नहीं लगी.

कैसे मिला आइडिया?

जब पुलिस ने पूछा कि उसने लाश छिपाने का तरीका कहां से सीखा, तो रूबी ने बताया कि उसे ‘दृश्यम’ फिल्म से आइडिया मिला. उसने कहा कि कहानी उसे याद थी और उसी के आधार पर उसने योजना बनाई ताकि पकड़ी न जाए.

वारदात की टाइमलाइन

  • 17 जून की रात- रूबी ने खीर में नींद की गोलियां मिलाकर पति को खिला दीं.
  • 18 जून की सुबह- बेटियों और सास को जेठ के घर भेजकर उसने शव को बाथरूम में दफनाया. नमक और मिट्टी डालकर फर्श समतल कर दिया.
  • 19 जून- मिस्त्री बुलाकर फर्श पर नया प्लास्टर करवा दिया और फिर पति की गुमशुदगी का नाटक किया.

कैसे हुआ खुलासा?

रूबी का राज तब खुला जब पुलिस 2017 के ट्रक चोरी केस की जांच के लिए घर आई. पुलिस ने सुरेंद्र के बारे में पूछा तो रूबी ने कहा कि वह लापता हैं. इसके बाद वह घबरा गई और जेठ को बुलाकर सब कुछ बता दिया.

शक कब गहराया?

डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि जांच कई एंगल से की जा रही है. पुलिस को शक है कि इतनी बड़ी वारदात अकेले करना मुश्किल है. शव को घसीटना, फर्श तोड़ना और दफनाना किसी और की मदद से ही संभव लगता है.

ये भी पढ़ें-पाकिस्तान पर सर्जिक स्ट्राइक 3.0 की तैयारी में भारत? केंद्र ने 23 को घोषित किया आतंकी, बेंगलुरु से रावलपिंडी तक हड़कंप

खंगाली जा रही है मोबाइल और गूगल हिस्ट्री

पुलिस ने रूबी का मोबाइल जब्त कर लिया है. उसकी कॉल डिटेल्स और गूगल सर्च हिस्ट्री की जांच की जा रही है कि उसने हत्या से पहले इंटरनेट पर क्या खोजा था. बच्चों से भी पूछताछ हो रही है. फिलहाल, सुरेंद्र के कंकाल का पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक टेस्ट कराया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read