AIIMS Raebareli Night Shelter
AIIMS Raebareli Night Shelter: मरीजों और उनके तीमारदारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एम्स रायबरेली ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. गुरुवार को एम्स रायबरेली और सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए. यह कार्यक्रम एम्स रायबरेली की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर डॉ. अमिता जैन की उपस्थिति में आयोजित हुआ.
एम्स परिसर में बनेगा आधुनिक विश्राम गृह
समझौते के तहत सेवादान आरोग्य संस्था एम्स रायबरेली परिसर में मरीजों के तीमारदारों के लिए एक नाइट शेल्टर (विश्राम गृह) का निर्माण कराएगी. इस सुविधा का उद्देश्य दूर-दराज़ से इलाज के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराना है. इससे उपचार के दौरान उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों स्तरों पर राहत मिलेगी.

दोनों संस्थाओं के अधिकारियों ने किए एमओयू पर हस्ताक्षर
कार्यक्रम में एम्स रायबरेली की ओर से उपनिदेशक कर्नल अखिलेश सिंह और सेवादान आरोग्य संस्था की ओर से अमित दास ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए तथा दस्तावेजों का आदान-प्रदान किया. इस अवसर पर कर्नल उपेंद्र नाथ राय (वित्तीय सलाहकार), अधीक्षण अभियंता हरीश यादव सहित एम्स के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. सेवादान आरोग्य संस्था के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया.
‘तीमारदारों के सम्मानजनक आवास की व्यवस्था भी स्वास्थ्य सेवा का अहम हिस्सा’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर डॉ. अमिता जैन ने कहा कि मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों के लिए सम्मानजनक आवास की व्यवस्था करना मानवीय स्वास्थ्य सेवा का महत्वपूर्ण पहलू है. उन्होंने कहा कि यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक संवेदनशील, सुलभ और जन-केंद्रित बनाने की दिशा में एक सार्थक कदम है.

यह भी पढ़ें: कमाई से ज्यादा कर्ज! क्या कंगाल हो रहे हैं भारत के राज्य? संसद में खुले चौकाने वाले आंकड़े
हजारों मरीजों के परिवारों को मिलेगा लाभ
एम्स रायबरेली और सेवादान आरोग्य संस्था ने मरीजों और उनके परिजनों के हित में मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता दोहराई. अधिकारियों के अनुसार, बनने वाला यह विश्राम गृह भविष्य में एम्स रायबरेली आने वाले हजारों मरीजों और उनके तीमारदारों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा. इससे इलाज के दौरान उन्हें सुरक्षित, सुविधाजनक और सम्मानजनक ठहरने की सुविधा मिल सकेगी, जो सामाजिक उत्तरदायित्व और जनसेवा का एक उत्कृष्ट उदाहरण भी होगी.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
