उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर जमकर निशाना साधा है. हरदोई दौरे पर पहुंचे अजय राय ने कहा कि अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा और चंदा चोरी का मुद्दा अब किसी से छिपा नहीं है. इस घटना की चर्चा गांव की चौपालों से लेकर देश की संसद तक गूंज रही है, लेकिन सरकार सच का सामना करने के बजाय लोगों का ध्यान भटकाने में जुटी है.
‘मुकदमों के जरिए ध्यान भटकाने की साजिश’
हाल ही में सड़क हादसे का शिकार हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष विक्रम पांडे का हालचाल जानने पहुंचे अजय राय ने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चंदा चोरी के मामले से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा और आरएसएस नए-नए मुद्दे गढ़ रहे हैं और राजनीतिक विरोधियों पर जानबूझकर मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं.
अजय राय ने अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत की विवादास्पद टिप्पणियों का जिक्र करते हुए कहा कि अगर सरकार में थोड़ी सी भी नैतिकता बची है, तो उसे अपनी पार्टी के नेताओं के बयानों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए, न कि सिर्फ विपक्ष पर निशाना साधना चाहिए.
यूपी पर कांग्रेस की नजर
भविष्य की राजनीतिक रणनीति और तैयारियों पर बात करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि पार्टी उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपने संगठन को नए सिरे से मजबूत करने में जुटी है. संगठन निर्माण का काम बहुत तेजी से चल रहा है.
जब उनसे आगामी चुनावों में गठबंधन की संभावनाओं के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट कहा कि गठबंधन को लेकर कोई भी अंतिम फैसला कांग्रेस का केंद्रीय और राष्ट्रीय नेतृत्व ही करेगा.
ये भी पढ़ें: मुरैना: बेहोशी को लोगों ने समझ लिया ‘हार्ट अटैक’, मदद-मदद में लोगों ने तोड़ दी पसलियां
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



