सनातन पाण्डेय का BJP पर करारा हमला
Sanatan Pandey: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राम मंदिर और अयोध्या को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के 12 दिसंबर को अयोध्या दौरे की चर्चाओं के बीच बलिया से सपा सांसद सनातन पाण्डेय ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव जब चाहें राम मंदिर जा सकते हैं. किसी को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि कौन मंदिर जाएगा और कौन नहीं. इस दौरान उन्होंने राम मंदिर में चोरी के मामले को लेकर बीजेपी सरकार पर भी निशाना साधा.
सपा सांसद सनातन पाण्डेय ने कहा कि राम मंदिर जाने से किसी को रोका नहीं जा सकता. उन्होंने राम मंदिर में चोरी के मामले का जिक्र करते हुए बीजेपी पर हमला बोला. उनका कहना है कि राम के नाम पर राजनीति करने वालों को जनता से माफी मांगनी चाहिए.
वहीं सीएम योगी के 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी की 80 फीसदी सीटें जीतने के दावे पर भी उन्होंने पलटवार किया. सनातन पाण्डेय ने कहा कि योगी आदित्यनाथ अगली बार मुख्यमंत्री नहीं बनने वाले हैं. उन्होंने कहा कि योगी सरकार में गरीबों के मकान बुलडोजर से गिराए गए. सनातन पांडेय ने योगी सरकार पर सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का भी आरोप लगाया.
सपा सांसद ने कहा कि प्रदेश में उनकी पार्टी की सरकार बनने पर मौजूदा सरकार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों और कार्रवाइयों का एक-एक इंच का हिसाब लिया जाएगा.
12 दिसंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाएंगे अखिलेश यादव
दरअसल, सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अपने परिवार के साथ अयोध्या जाने वाले हैं. जनवरी 2024 में राम जन्मभूमि मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के बाद यह पहली बार होगा, जब अखिलेश यादव मंदिर में दर्शन करेंगे.
माफी मांगें अखिलेश- योगी
बीजेपी समेत सत्ता पक्ष के नेता अक्सर अखिलेश यादव को हिंदू धार्मिक स्थलों से दूरी बनाने के आरोपों पर घेरते रहे हैं. सीएम योगी ने हाल ही में अयोध्या में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा था कि राम मंदिर में कोई भी आ सकता है, लेकिन अखिलेश यादव को पहले साल 1990 में कारसेवकों पर हुई गोलीबारी को लेकर राम भक्तों से माफी मांगनी चाहिए.
ये भी पढ़ें- रेखा गुप्ता ने बिहार-पूर्वांचल के लोगों की करा दी मौज, छठ पूजा पर सरकारी छुट्टी का ऐलान, सभी सरकारी दफ्तर बंद
वहीं गोरखपुर से बीजेपी सांसद रवि किशन ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को चुनावी राजनीति से प्रेरित बताया है.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




