Bharat Express DD Free Dish

‘टिकट से लेकर ठेकों तक वसूली!’ अखिलेश यादव ने ओपी राजभर को घेरा, सपा नेताओं ने भी खोला मोर्चा

Akhilesh Yadav on op rajbhar: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर भ्रष्टाचार, ट्रांसफर-पोस्टिंग और ठेकों में वसूली के आरोप लगाए. सपा नेताओं ने भी राजभर के सपा में टूट संबंधी दावों पर पलटवार किया.

Akhilesh Yadav on OP Rajbhar

Akhilesh Yadav on op rajbhar: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी में टूट की चर्चाओं के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर (OP Rajbhar) आमने-सामने आ गए हैं. अखिलेश यादव ने पंचायती राज विभाग में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि विभाग में ठेके दिलाने के नाम पर लोगों से पैसे वसूले गए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर राजभर पर निशाना साधा.

अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि पहले टिकट दिलाने का झांसा देकर लोगों से पैसे लेने की शिकायतें सामने आ रही थीं, लेकिन अब विभाग के अधिकारी और ठेकेदार भी उन्हें तलाश रहे हैं. उनका आरोप है कि कॉन्ट्रैक्ट दिलाने के नाम पर उनसे एडवांस रकम ली गई. वहीं, ओम प्रकाश राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट संबंधी दावों से प्रदेश की राजनीति गरमा गई है. हालांकि, सपा के नेता लगातार ऐसे दावों को खारिज कर रहे हैं.

अखिलेश यादव ने ओपी राजभर को घेरा

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “पंचायती-समाचार, टिकटार्थियों के बाद अधिकारी और ठेकेदार मिलके कर रहे ‘ढुंढाई पंचायत’”

उन्होंने आगे लिखा, “समाचार-विस्तार: कल तक तो ‘अफ़वाही’ मंत्री जी को केवल वो भावी प्रत्याशी ही ढूँढ रहे थे जिनसे इन्होंने टिकट के नाम पर एडवांस वसूल लिया था. लेकिन, अब जो जान गये हैं कि ‘30 सीट’ की बात अफ़वाह है. न तो इन्हें एक भी सीट मिल रही है और ले-देकर मिल भी गई तो भी ये जीतनेवाले नहीं हैं. इनकी सच्चाई बाहर आते ही अब तो सुना है, वो एई, जेई और एएमए अधिकारी और विभागीय ठेकेदार भी इनको ढूँढने के लिए मिल-बैठकर ‘पंचायत’ कर रहे हैं, जिनसे ट्रांसफ़र-पोस्टिंग व कॉन्ट्रैक्ट दिलवाने के नाम पर इन्होंने एडवांस वसूल लिया है. जिस काली-कमाई के पैसे के बल पर इनके ‘बड़े बोल’ निकल रहे हैं, अब वो पैसा ही इनके ख़िलाफ़ ‘पंचायत’ बैठा रहा है.”

पार्टी के नेताओं ने दी प्रतिक्रिया

ओम प्रकाश राजभर के दावों पर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि ऐसे बयानों को गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो व्यक्ति बेबुनियाद बातें करता है, उसका जवाब जनता ही दे सकती है.

वहीं, सांसद नीरज कुशवाहा मौर्य ने कहा कि राजभर अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर परेशान हैं. उनका दावा है कि जिस सीट का वह प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, वहां आने वाले चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ सकता है. इसी वजह से वह इस तरह के बयान दे रहे हैं.


ये भी पढ़ें: सपा में होगी बड़ी टूट? ओपी राजभर का दावा- ‘बागी भूमि’ का लाल संभालेगा बागी सांसदों की कमान


सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने भी भाजपा और उसके सहयोगी नेताओं पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पीडीए समीकरण को कमजोर करने के लिए उसी समाज के नेताओं को आगे कर रही है. उन्होंने कहा कि लगातार कुछ नेताओं के जरिए समाजवादी पार्टी को लेकर बयान दिलवाए जा रहे हैं.

आशुतोष वर्मा ने यह भी कहा कि लोकसभा में 37 सांसदों वाली पार्टी को तोड़ने के लिए दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होती है, इसलिए ऐसे दावे राजनीतिक बयानबाजी से ज्यादा कुछ नहीं हैं. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें भाजपा की राजनीति से ऊपर उठकर पीडीए समाज के हितों के बारे में सोचना चाहिए.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read