Bharat Express DD Free Dish

अमरोहा में कांवड़ियों के डीजे में लगी भीषण आग, मची भगदड़ जैसी स्थिति; बाल-बाल बचे श्रद्धालु

Amroha Kanwar Yatra Fire: अमरोहा में नेशनल हाईवे-9 पर कांवड़ियों के जत्थे के साथ चल रहे डीसीएम पर लगे डीजे में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई. जनरेटर के ओवरहीट होने से आग लगने की आशंका है. समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और किसी कांवड़िए के घायल होने की सूचना नहीं है.

Amroha Kanwar Yatra Fire

Amroha Kanwar Yatra Fire

Amroha Kanwar Yatra Fire: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में नेशनल हाईवे-9 पर कांवड़ियों के जत्थे के साथ चल रहे डीजे में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. डीजे को डीसीएम वाहन पर लगाया गया था और घटना के समय वाहन पर कई कांवड़िए मौजूद थे. अचानक आग की लपटें उठती देख मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. गनीमत रही कि इस घटना में किसी कांवड़िए के घायल होने की सूचना नहीं है.

अचानक उठने लगीं आग की लपटें

बताया जा रहा है कि रजबपुर थाना क्षेत्र में कांवड़ियों का जत्था नेशनल हाईवे-9 से गुजर रहा था. इसी दौरान डीसीएम पर लगे डीजे के अंदर मौजूद जनरेटर अधिक गर्म हो गया. इसके बाद अचानक आग लग गई. कुछ ही पलों में आग ने डीजे के स्पीकर और आसपास लगी पॉलीथिन को अपनी चपेट में ले लिया. आग तेजी से फैलती देखकर डीजे वाहन के आसपास मौजूद कांवड़ियों में हड़कंप मच गया. वाहन पर मौजूद लोगों ने तुरंत नीचे उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर जाने की कोशिश की. सड़क पर कुछ देर के लिए भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

कांवड़ियों और राहगीरों ने किया बचाव

आग लगते ही कांवड़ियों और आसपास मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही रजबपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस की मौजूदगी में आग पर काबू पाने की कोशिश की गई. समय रहते उठाए गए कदमों की वजह से आग को ज्यादा फैलने से रोक लिया गया. इससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई.

यह भी पढ़ें: उज्जैन में ‘करंट’ की अफवाह से मची भगदड़! नागचंद्रेश्वर मंदिर में 13 श्रद्धालु घायल

डीजे का सामान जलकर हुआ खाक

आग की चपेट में आने से डीजे के स्पीकर, पॉलीथिन और आसपास रखा कुछ अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया. हालांकि, घटना में किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है. कांवड़ियों के सुरक्षित बच जाने से सभी ने राहत की सांस ली.

जनरेटर की ओवरहीटिंग बनी वजह

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, डीजे में लगे जनरेटर के अधिक गर्म होने के कारण आग लगने की बात सामने आ रही है. हालांकि आग लगने की वास्तविक वजह की पुष्टि संबंधित जांच के बाद ही हो सकेगी. रजबपुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और डीजे वाहनों में इस्तेमाल होने वाले जनरेटर की सावधानीपूर्वक निगरानी की जरूरत को भी सामने ला दिया है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read