Bharat Express DD Free Dish

Axiom Mission 4: Shubhanshu Shukla का लखनऊ में हुआ जोरदार स्‍वागत, अंतरिक्ष से 41वें दिन घर-वापसी; CM योगी से की मुलाकात

Axiom-4 मिशन के तहत 20 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताने के बाद 15 जुलाई 2025 को धरती पर लौटे शुभांशु 17 अगस्त को भारत पहुंचे थे, जहां 18 अगस्त को पीएम मोदी से मुलाकात की. आज वे सीएम योगी से मिले हैं.

Shubhanshu Shukla Lucknow Return: इंटरनेशनल स्‍पेस स्‍टेशन से लौटे भारतीय एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला का आज उनके गृह जनपद लखनऊ में जोरदार स्वागत हुआ. 41 दिनों बाद घर लौटे शुभांशु (Shubhanshu Shukla) को एयरपोर्ट पर हजारों लोगों ने तिरंगा लहराते हुए और ढोल-नगाड़ों की धुन पर वेलकम किया. स्कूली बच्चों ने एस्ट्रोनॉट की ड्रेस पहनकर उनका अभिनंदन किया, जबकि डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उन्हें रिसीव किया. उसके बाद शुभांशु की सीएम योगी से मुलाकात हुई.

सीएम योगी ने ट्वीट कर कहा-

“ऐतिहासिक #AxiomMission4 को सफलता के शिखर तक पहुंचाने वाले भारत के गौरव, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला का लखनऊ आगमन पर आज हमने स्वागत किया. भारत की प्रतिभा, परिश्रम और आत्मविश्वास की प्रतीक आपकी असाधारण उपलब्धि नई पीढ़ी को विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है. आपके स्वर्णिम भविष्य और नवोन्मेषी अभियानों हेतु अनंत मंगलकामनाएं!”

जगह-जगह पुष्‍पवर्षा और आतिशबाजी

बता दें कि शुभांशु शुक्ला (Shubhanshu Shukla) अपनी पत्नी कामना और 6 साल के बेटे किआंश के साथ लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे थे. एयरपोर्ट से थार जीप पर सवार होकर वे 10 किमी तक रोड शो करते हुए अपने बचपन के स्कूल पहुंचे, जहां जगह-जगह फूलों की वर्षा और आतिशबाजी से उनका स्वागत हुआ.

20 दिन बाद स्पेस से धरती पर वापसी

शुभांशु शुक्ला Axiom-4 मिशन के तहत 20 दिन अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर बिताने के बाद 15 जुलाई 2025 को धरती पर लौटे थे. 17 अगस्त को वे भारत पहुंचे. 18 अगस्त को उन्‍होंने पीएम मोदी से मुलाकात की. आज वे सीएम योगी से मिले हैं.

शुभांशु को देखकर भावुक हुईं मां-बहन

सिटी मॉन्टेसरी स्कूल में आयोजित वेलकम कार्यक्रम में शुभांशु (Shubhanshu Shukla) की मां आशा शुक्ला और बहन को स्टेज पर बुलाया गया. मां ने बेटे को गले लगाकर रो पड़ीं, जबकि शुभांशु भी इमोशनल हो गए. कार्यक्रम में चेयरपर्सन ने कामना से पूछा कि पति को क्या देखकर चुना, तो शुभांशु ने हंसते हुए कहा, “कामना के पास यूनिक टैलेंट है. वह बहुत विजनरी हैं. उन्हें पता रहता है कि कौन-सी चीज आगे चलकर काम करेगी.” हॉल तालियों से गूंज उठा. शुभांशु ने बताया कि उनकी सफलता भारत की प्रतिभा, परिश्रम और आत्मविश्वास का प्रतीक है, जो नई पीढ़ी को विज्ञान और अनुसंधान में प्रेरित करेगी. यूपी सरकार ने उनके घर की गलियों का रेनोवेशन भी कराया था.

सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात

सीएम योगी आदित्यनाथ के आमंत्रण पर शुभांशु परिवार सहित उनके आवास पहुंचे, जहां सीएम ने गेट पर आकर उनका स्वागत किया. योगी ने ट्वीट कर शुभांशु को भारत का गौरव बताया और कहा, “आपकी असाधारण उपलब्धि नई पीढ़ी को प्रेरणा देती है. आपके स्वर्णिम भविष्य हेतु मंगलकामनाएं!” लोकभवन में आयोजित सम्मान समारोह में स्कूली बच्चे उनका इंतजार कर रहे थे. शुभांशु ने मिशन के अनुभव साझा किए और युवाओं को अंतरिक्ष अनुसंधान में आगे बढ़ने की सलाह दी. यह घटना लखनऊवासियों के लिए गर्व का पल थी.

यह भी पढ़िए: अंतरिक्ष यात्री शुभांशु का लखनऊ आगमन, पिता बोले- बेटे ने बढ़ाया देश का गौरव

Also Follow Bharat Express on X



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read