Bharat Express DD Free Dish

Ayodhya Deepotsav 2025: सीएम योगी ने खींचा रथ, आरती उतारी और प्रदेशवासियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम के राज्याभिषेक समारोह में रथ खींचा, आरती उतारी और भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न तथा गुरु वशिष्ठ का तिलक किया.

Ayodhya Deepotsav 2025: अयोध्या में दीपोत्सव के भव्य आयोजन के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीराम के राज्याभिषेक समारोह में रथ खींचा, आरती उतारी और भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न व गुरु वशिष्ठ का तिलक किया. रामकथा पार्क जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा, जबकि पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से पहुंचे राम-सीता-लक्ष्मण और हनुमान के स्वरूपों ने पूरे माहौल को आध्यात्मिक आभा से भर दिया. इस दौरान प्रदेश सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही, जयवीर सिंह, राकेश सचान व सतीश शर्मा ने भी आरती उतारी. राम मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत रामनगरी के संत महंतों ने भी आरती उतारी.

समारोह में हजारों की संख्या में संत, महंत, श्रद्धालु और पर्यटक राज्याभिषेक समारोह का हिस्सा बने. रामनगरी में दीपोत्सव बड़ी धूमधाम से आयोजित हो रहा है. पुष्पक विमान रूपी हेलीकॉप्टर से राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के स्वरूप रामकथा पार्क हेलीपैड पहुंचे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई मंत्रियों के साथ भगवान के स्वरूपों की अगवानी की. यहां राम जानकी की वंदना के साथ भरत मिलाप भी हुआ. उनके साथ अन्य मंत्रियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया.

दीपों की लौ से रोशन होगी रामनगरी

दीपोत्सव के लिए राम की पैड़ी पर बिछाए गए दीयों में बाती डालने का काम शुरू हो गया है. बाती डालने के बाद दीयों में सरसों का तेल डाला जाएगा. इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देते हुए प्रभु श्रीराम से उनकी सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की है. उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि पर्व एवं त्योहार शांति, एकता व सद्भाव का संदेश देते हैं एवं सामाजिक सौहार्द में वृद्धि करते हैं.

अयोध्या बनी आस्था और संस्कृति की राजधानी

दीपावली का पर्व भारत की सनातन धर्म की परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है. मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के उपरान्त अयोध्या आगमन और रामराज के शुभारम्भ की स्मृति स्वरूप आज से हजारों वर्ष पहले पूरे भरतखण्ड में श्रद्धालुओं द्वारा दीपमालाओं से अपने-अपने घरों को सजा करके इस पर्व को मनाना प्रारम्भ किया गया. उन्होंने कहा कि यह हम सभी का सौभाग्य है कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या उत्तर प्रदेश में है.

राज्य सरकार अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परंपरा को ‘दीपोत्सव‘ के आयोजन के माध्यम से पुनर्प्रतिष्ठित कर, संपूर्ण विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से परिचित कराने का कार्य कर रही हैं.

ये भी पढ़ें- अयोध्या दीपोत्सव में डिप्टी सीएमों की गैरमौजूदगी से सियासी हलचल, क्या है पूरा मामला?

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read