Ayodhya Deepotsav 2025: रामनगरी अयोध्या में आज होने वाले भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है. इस आयोजन में राज्य के दोनों उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बन गई है. सूत्रों के मुताबिक, बृजेश पाठक को कार्यक्रम का निमंत्रण ही नहीं मिला था जबकि केशव प्रसाद मौर्य को निमंत्रण तो मिला लेकिन सरकारी विज्ञापन में उनका नाम और तस्वीर गायब थी. इसी नाराजगी के चलते उन्होंने अयोध्या दौरा रद्द कर दिया.
पर्यटन मंत्री के नेतृत्व में आयोजन
दीपोत्सव का आयोजन 2017 से छोटी दीपावली के दिन होता आ रहा है, जिसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री, दोनों डिप्टी सीएम और पर्यटन मंत्री की मौजूदगी रहती है. लेकिन इस बार पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह के नेतृत्व में हो रहे आयोजन में डिप्टी सीएमों को दरकिनार किया गया है. सरकारी विज्ञापन और प्रचार में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें प्रमुखता से हैं लेकिन दोनों डिप्टी सीएम कहीं नजर नहीं आ रहे.
विपक्ष का सरकार पर हमला
इस मुद्दे पर विपक्ष ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया है. सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर पूछा कि क्या बीजेपी सरकार ने उपमुख्यमंत्री के पद ही खत्म कर दिए हैं? उन्होंने इसे ‘प्रभुत्ववादी सोच’ का उदाहरण बताया. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने इसे ‘राजनीतिक अपमान’ करार देते हुए कहा कि भाजपा की अंदरूनी कलह अब सतह पर आ गई है.
जनता पूछ रही है कि उप्र भाजपा सरकार में ‘उप मुख्यमंत्री’ के दोनों पद समाप्त कर दिये गये हैं क्या… विज्ञापन में कनिष्ठ मंत्रियों के नाम तो दिख रहे हैं लेकिन डिप्टी सीएम साहब लोगों के नहीं… कहीं यहाँ भी ‘हाता नहीं भाता’ या ‘प्रभुत्ववादी सोच’ तो हावी नहीं हो गयी
अबकी बार, डिप्टी… pic.twitter.com/A7XhBXJeJh
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 19, 2025
उपमुख्यमंत्री की नाराजगी और रद्द
सूत्रों के अनुसार, बृजेश पाठक ने लखनऊ में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ रहने का फैसला किया है, जबकि केशव प्रसाद मौर्य ने भी अयोध्या दौरा टाल दिया है.
ये भी पढ़ें-शशि थरूर ने अबू धाबी में BAPS हिंदू मंदिर की तारीफ की, इसके निर्माण में PM मोदी की भूमिका को सराहा
इस बीच अयोध्या में दीपोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं. रामकथा पार्क में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ श्रीराम का राजतिलक करेंगे. साथ ही सबसे ज्यादा दीयों की सजावट और सामूहिक आरती के जरिए दो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है. लेकिन दोनों डिप्टी सीएम की अनुपस्थिति ने इस भव्य आयोजन पर सियासी साया डाल दिया है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
