Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

बलिया में हाईटेंशन तार टूटने से पिता-पुत्र की तड़पकर मौत, एक्सईएन का हाथ पकड़ घटनास्थल तक खींच ले गईं BJP विधायक

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हाईटेंशन तार गिरने से बड़ा हादसा हो गया. खेत में फैले करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई.

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर आई है, जहां खेत में गिरे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पिता और बेटे की मौत हो गई है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है. ग्रामीणों में बिजली विभाग की लापरवाही को लेकर भारी नाराजगी भी देखने को मिली.

यह हादसा बांसडीह थाना क्षेत्र के शाहपुरवा गांव में हुआ है. बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11 बजे खेत में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया था. उस समय खेत में पानी भरा हुआ था, जिसके कारण वहां करंट फैल गया. इसी दौरान किसान राजेश यादव करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी जान चली गई.

बेटे को बचाने के लिए जैसे ही उनके पिता जनार्दन यादव खेत की ओर पहुंचे, वह भी बिजली के संपर्क में आ गए. काफी कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका. एक ही परिवार में पिता-पुत्र की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई.

मौके पर पहुंचीं विधायक

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय बीजेपी विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं. उन्होंने हालात का जायजा लिया और बिजली विभाग के एक्सईएन पंकज भारती को घटनास्थल पर बुलाया. विधायक ने अधिकारी का हाथ पकड़कर उन्हें उस जगह तक ले जाकर दिखाया, जहां हाईटेंशन तार गिरा था. इस दौरान उन्होंने विभाग की लापरवाही को लेकर जमकर नाराजगी जताई है.

विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की ओर से पहले भी बिजली व्यवस्था को लेकर शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय रहते सुधार नहीं किया गया. उन्होंने कहा कि अगर विभाग ने पहले ध्यान दिया होता तो शायद यह दर्दनाक घटना टाली जा सकती थी.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हादसे के बाद विधायक केतकी सिंह पीड़ित परिवार के घर भी पहुंचीं. वहां उन्होंने परिवार की महिला को गले लगाकर सांत्वना दी और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया. बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद परिवार में अब केवल एक बेटी बची है. परिवार पहले ही मां को खो चुका था, और अब पिता-पुत्र की मौत ने उनकी जिंदगी में बड़ा खालीपन छोड़ दिया है.

घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन भी किया. लोगों ने मांग की कि लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

वहीं, बिजली विभाग के एसी प्रदीप वर्मा ने हादसे को बेहद दुखद बताया है. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें-‘लंच तक नहीं खुला तो…’, दिल्ली में मेट्रो स्टेशन बंद होने पर सुप्रीम सुनवाई, जानें क्या बोले CJI?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital