बांदा/अभिषेक पांडेय: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक ऐसी दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जिसने पूरे प्रशासनिक महकमे और आम जनता को हिलाकर रख दिया है. बिसंडा कस्बे की सड़कें बुधवार की दोपहर खून से लाल हो गईं, जब मौरंग (बालू) से ओवरलोडेड एक तेज रफ्तार ट्रक ‘मौत का दूत’ बनकर दौड़ा. इस बेकाबू ट्रक ने न सिर्फ एक रिटायर्ड शिक्षक की जान ली, बल्कि वहां से भागने के चक्कर में एक ई-रिक्शा को इतनी बेरहमी से रौंदा कि उसमें सवार 5 अन्य लोगों की भी मौके पर ही मौत हो गई.
रिटायर्ड शिक्षक को कुचल कर भागा
यह खौफनाक सिलसिला तब शुरू हुआ, जब बिसंडा थाना क्षेत्र के घूरी गांव निवासी 61 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक रामेश्वर बुधवार दोपहर बीआरसी से अपनी साइकिल पर घर लौट रहे थे. खुरहंड की तरफ से आ रहे एक मौरंग से लदे बेकाबू ट्रक ने रामेश्वर की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक ने संवेदनहीनता की सारी हदें पार करते हुए शिक्षक को कुचल दिया और गाड़ी रोकने के बजाय मौके से भागने लगा. इस दरिंदगी को देखकर आसपास मौजूद ग्रामीणों ने अपनी बाइकों से ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया.
ई-रिक्शे के उड़े परखच्चे
पीछा कर रहे ग्रामीणों से बचने की हड़बड़ाहट में ट्रक चालक अपना मानसिक संतुलन खो बैठा. नाथू तालाब के पास पहुंचते ही उसने सामने से आ रहे सवारियों से भरे एक ई-रिक्शे में सीधी और भयंकर टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा पूरी तरह पिचक कर लोहे के कबाड़ में तब्दील हो गया. इस हादसे में ई-रिक्शा सवार ममता (48), राजेश (45), 12 साल का मासूम शहबाज, नवीन (40) और रामेश्वर अनुरागी (50) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. वहीं शबाना, सोहनलाल, शिवकली, बौरी और महज 3 महीने की बच्ची साफिया गंभीर रूप से घायल हो गईं, जो अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही हैं.
6 लाशें, पलटा ट्रक और गुस्साए लोग
सवारियों को रौंदने के बाद यह ‘खूनी’ ट्रक भी अनियंत्रित होकर वहीं पलट गया और चालक मौका पाकर फरार हो गया. 6 मौतों की खबर फैलते ही इलाके में मातम और भयंकर आक्रोश फैल गया. गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगाकर जोरदार प्रदर्शन किया. उनका आरोप है कि इस इलाके से आए दिन ओवरलोड ट्रक मौत बनकर गुजरते हैं, लेकिन प्रशासन आंखें मूंदे रहता है.
ये भी पढ़ें: पहले जबलपुर, अब बाढ़! बीच गंगा में मची चीख-पुकार, किसानों से भरी नाव नदी में समाई, 3 की मौत
बाद में भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह लोगों को शांत कराया और यातायात बहाल किया. बांदा पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए देर शाम आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है और अब उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



