Bharat Express DD Free Dish

बरेली में किसानों का अनोखा विरोध: घुटनों के बल चलकर प्रशासन को दी चेतावनी, सौंपा ज्ञापन

Bareilly farmers protest: उत्तर प्रदेश के बरेली में भारतीय किसान यूनियन ने मीरगंज क्षेत्र की समस्याओं को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. किसानों ने घुटनों के बल चलकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

UP Bareilly farmers protest

रिपोर्ट- चीकू


उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद में मीरगंज क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (BKU) ने तहसील प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. संगठन के पदाधिकारियों ने तहसील दिवस अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए प्रार्थना पत्रों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे किसानों में गहरा असंतोष व्याप्त है. जिसके चलते उन्होंने घुटनों के बल चलकर अपना विरोध प्रदर्शन भी किया.

पुलिस पर लगा रहें मिलीभगत का आरोप

ज्ञापन में भाकियू ने कई गंभीर मुद्दे उठाए हैं. संगठन का आरोप है कि पुलिस की मिलीभगत से बंदी के दौरान भी अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री हो रही है, जिससे युवाओं पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है. इसके अलावा ग्राम पंचायत बगरऊ में तालाब पर अवैध कब्जे की शिकायत करने वाले कार्यकर्ता पर ही दबाव बनाने के लिए फर्जी मुकदमा दर्ज करने का मामला भी सामने आया है.

इन मुद्दों को भी सज्ञान में लिया

वहीं, ग्राम रहपुरा जागीर में अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित भूमि (गाटा संख्या 738) पर अवैध निर्माण को लेकर भी यूनियन ने नाराजगी जताई है और तत्काल कार्रवाई की मांग की है. विकास कार्यों की धीमी रफ्तार पर भी सवाल उठाए गए हैं. मनकरी से हरदोई श्यामपुर तक प्रस्तावित खड़ंजा मार्ग का कार्य स्वीकृति के बावजूद शुरू न होना और अवैध खनन से सड़कों की खराब स्थिति किसानों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है.

बिजली और कृषि से जुड़े मुद्दों में स्मार्ट मीटरों को हटाने की मांग के साथ-साथ गेहूं क्रय केंद्रों पर बारदाने के नाम पर किसानों को लौटाए जाने की शिकायत भी प्रमुख रही. इसके अलावा हल्दी दांद गांव में खेत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटाने की मांग भी उठाई गई.


ये भी पढ़ें: प्रयागराज में खाकी शर्मसार! सरेआम जाम छलकाते दिखे दीवान जी, बोले- ‘सब वर्दी की ही देन’


आंदोलन की चेतावनी

इस दौरान तहसील अध्यक्ष चौधरी सुधीर बालियान, जिला उपाध्यक्ष मदन लाल गंगवार, मीडिया प्रभारी विशाल पाल और जिला अध्यक्ष सोमवीर सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे. यूनियन ने चेतावनी दी है कि समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read