Constable Drinking In Uniform: अनम/प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने उत्तर प्रदेश पुलिस की ‘मित्र पुलिस’ वाली छवि पर सवालिया निशान लगा दिए हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो आग की तरह फैल रहा है, जिसमें खाकी वर्दी पहने एक दीवान जी सरेआम जाम छलकाते नजर आ रहे हैं. यह नजारा देखकर राहगीर भी ठिठक गए और जब उन्होंने टोकने की हिम्मत की, तो पुलिसकर्मी की दलील सुनकर हर कोई हैरान रह गया.
‘सब वर्दी की ही देन’
वायरल हो रहे इस वीडियो में दिख रहे शख्स की पहचान नगर कोतवाली में तैनात दीवान पवन कुमार के रूप में हुई है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दीवान जी सार्वजनिक स्थान पर बैठकर आराम से शराब पी रहे हैं. जब एक राहगीर ने मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया और उनसे पूछा कि क्या वर्दी पहनकर इस तरह सार्वजनिक रूप से पीना सही है, तो दीवान जी ने बेबाकी से कहा कि वह तनाव में हैं इसलिए पी रहे हैं. इतना ही नहीं, वर्दी की गरिमा पर सवाल उठाने पर उन्होंने कथित तौर पर यहां तक कह दिया कि यह सब “वर्दी की ही देन है”.
विभाग ने बिठाई जांच
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. आनन-फानन में जब नगर कोतवाली प्रभारी से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने बताया कि दीवान पवन कुमार पिछले करीब 10 दिनों से छुट्टी पर चल रहे हैं.
हालांकि, यह वीडियो छुट्टी के दौरान का है या पहले का, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है. फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और अनुशासनहीनता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की बात कही जा रही है.
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
इस वीडियो ने इंटरनेट पर नई बहस छेड़ दी है. जहां एक तरफ लोग इसे पुलिस की घोर अनुशासनहीनता मान रहे हैं और इसे वर्दी का अपमान बता रहे हैं.
वहीं दूसरी तरफ कुछ लोग पुलिसकर्मियों पर काम के भारी दबाव और मानसिक तनाव (Stress) के एंगल से भी देख रहे हैं. लोगों का कहना है कि अगर रक्षक ही इस तरह नियमों की धज्जियां उड़ाएंगे, तो जनता में क्या संदेश जाएगा.
ये भी पढ़ें: प्रेमी की दूसरी शादी की खबर सुन होटल पहुंची प्रेमिका, तिलक के बीच काटा बवाल; फिर जो हुआ उसे देख मेहमान रह गए दंग
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




