Candidate Died In Home Guard Recruitment: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में होमगार्ड भर्ती की फिजिकल टेस्ट के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है. बरेली का रहने वाला 28 वर्षीय शिवम यादव 4800 मीटर की दौड़ लगा रहा था. कुल 12 चक्करों में से 11 चक्कर पूरे हो चुके थे और मंजिल यानी फिनिश लाइन महज 50 मीटर दूर थी, तभी अचानक शिवम ट्रैक पर गिर पड़ा और उसकी सांसें थम गईं.
9वीं वाहिनी पीएसी ग्राउंड पर मौजूद मेडिकल टीम ने तुरंत उसे संभाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुरुआती दौर में मौत की वजह हार्ट अटैक मानी जा रही है, हालांकि सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी.
BTech और BEd के बाद भी खा रहा ठोकरें
बरेली के मढ़ीनाथ इलाके का रहने वाला शिवम पढ़ने-लिखने में काफी होनहार था. उसने BTech और BEd जैसी उच्च डिग्री हासिल की थी. इसके बावजूद जब मनमाफिक नौकरी नहीं मिली, तो वह बच्चों को कोचिंग पढ़ाकर अपना खर्च चला रहा था.
पिछले एक साल से वह होमगार्ड भर्ती की जी-तोड़ तैयारी में जुटा था. गुरुवार रात 11 बजे जब वह घर से निकला था, तब बिल्कुल हंसता-खेलता और तंदुरुस्त था. लेकिन किसी को क्या पता था कि वह आखिरी बार अपने परिवार से मिल रहा है.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे जब परिजनों को घटना की खबर मिली, तो घर में कोहराम मच गया. बेसुध पिता विनोद यादव जब अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे, तो बेटे का शव देखते ही बेहोश हो गए. उनकी बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
शिवम की मौत से उसकी पत्नी कोमल का रो-रोकर बुरा हाल है. दोनों की 3 साल की एक मासूम बेटी है, जिसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया.
यह भी पढ़ें: ‘2027 में सपा की ऐसी ऐतिहासिक हार होगी…’, रवि किशन का अखिलेश यादव पर तीखा हमला, यूपी चुनाव को लेकर भरी हुंकार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

