अखिलेश यादव के बयान पर चंद्रशेखर आजाद का तीखा पलटवार
Chandrashekhar Azad Rawan: उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने दावा किया है कि ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ यूपी में सत्ता परिवर्तन करेगा.
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ यूपी में सत्ता परिवर्तन करेगा, क्योंकि लोगों ने इस मोर्चे के साथ जाने का फैसला कर लिया है. नौ साल से अधिक समय से यहां पर भाजपा के शासन को जनता ने देखा है. इस सरकार में युवाओं को रोजगार नहीं मिला, रोजगार पर डंडा चलाया गया, स्कूलों को बंद किया गया. किसानों को उनकी फसलों का उचित दाम नहीं मिला. धार्मिक अधिकार छीने गए. हर वर्ग इस सरकार से दुखी है. इसीलिए, सभी वर्गों ने संकल्प लिया है कि भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाया जाए. जब हमारा गठबंधन जमीन पर उतरेगा तो ऐतिहासिक जनसमर्थन मिलेगा, भाजपा की विदाई तय है.
अच्छी बात है कि वो शुभकामनाएं दे रहे- आजाद
ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम के साथ गठबंधन करने पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर आजाद ने कहा कि अच्छी बात है कि वे शुभकामनाएं दे रहे हैं. उनके एनालिसिस पर मैं उन्हें बधाई देना चाहता हूं. लेकिन, हम तो सत्ता पक्ष से लड़ रहे हैं, मैंने तो उनको भी ऑफर दिया था. उन्हें यह बात अभी समझ में नहीं आई है. लोकतंत्र में चुनाव लड़ने का सभी को अधिकार है. जब वे मध्य प्रदेश और उत्तराखंड में लड़ सकते हैं, जम्मू में लड़ सकते हैं, तो सभी पार्टियां चुनाव लड़ सकती हैं. हम तो उत्तर प्रदेश के हैं तो हम तो मजबूती से लड़ेंगे ही और चुनाव भी जीतेंगे. हमारा अलायंस कमजोर लोगों की आवाज उठाएगा. हम उनका वोट लेकर घर में नहीं बैठने वाले हैं. उनके मुद्दों को मजबूती से उठाकर उनकी ताकत बनेंगे, उनकी आवाज बनेंगे.
संविधान दिवस का जिक्र करते हुए आजाद ने कहा कि संविधान सभी को बराबरी का हक देता है. मेरे जैसे गरीब परिवार के बच्चे को सरकार से आंख से आंख मिलाकर सवाल पूछने का अधिकार देता है. संविधान दिवस के दिन ऐतिहासिक रैली होगी.
चंद्रशेखर ने कर दिया बड़ा खेल
आजाद ने दावा किया कि एनडीए के एक साथी का फोन आया. उनका कहना है कि अगर हमें आपके यहां पर्याप्त सम्मान मिलेगा, तो हम आपके साथ मिलकर चुनाव लड़ना चाहेंगे और इस अलायंस का हिस्सा बनेंगे. मैंने उनसे कहा कि हम अपने अलायंस पार्टनर साथियों से पूछकर बताएंगे कि आगे क्या करना है, अगर वे सहमत होंगे, तो उन्हें शामिल करेंगे.
ये भी पढ़ें- मुंबई के रेलवे स्टेशनों पर बजे भोजपुरी गाने तो भड़की MNS, राज ठाकरे ने बताया कल्चरल हमला, दे दी खतरनाक चेतावनी
उन्होंने आगे कहा कि इंडिया अलायंस की भी एक पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का फोन आया. उनकी भी इच्छा है कि अगर हमें पर्याप्त सम्मान नहीं मिलता, तो हम भी इस बड़े अलायंस के साथ खड़े होकर भारतीय जनता पार्टी को रोकने में अपना योगदान देंगे. हम इसके लिए तैयार हैं.
(IANS के इनपुट पर आधारित)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


