Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

पहले किसान केवल एक-दो फसल तक सीमित रहता था, आज मक्का उत्पादन करके भी कमा रहा मुनाफाः योगी

औरैया/लखनऊ, 8 जूनः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आईसीआर के लैब में बैठे वैज्ञानिकों, कृषि विवि के प्राध्यापकों और कृषि विज्ञान केंद्रों के वैज्ञानिकों को केंद्र व राज्य की डबल इंजन सरकार ने पहली बार किसान के खेत तक भेजने का कार्य किया है. लैब टू लैंड की प्रक्रिया, बीज से बाजार तक किसान के हित को सर्वोपरि मानते हुए चलाए गए अभियान का हिस्सा है. जिस प्रदेश में किसान पहले केवल एक-दो फसल तक सीमित रह जाता था, आज वहां तीसरी फसल (मक्का) का पांच लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में उत्पादन करके किसान अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं और यही किसान के परिवर्तन का आधार है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 के तहत रविवार को जनता डिग्री कॉलेज अजीतमल औरैया में मक्का किसानों से संवाद किया. सीएम ने प्रगतिशील किसानों का सम्मान, किसानों को मिनी किट का वितरण व विभिन्न योजनाओं के पात्रों को अनुदान भी वितरित किया. मुख्यमंत्री ने स्टॉल का अवलोकन किया, बच्चों का अन्नप्राशन कराया और पौधारोपण भी किया. इस दौरान किसानों ने भी अपने विचार रखे.

मोदी जी के विकसित भारत अभियान को मिली रफ्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी के विकसित भारत के अभियान को नई ऊंचाई तक पहुंचाने का संकल्प यूपी के 20-25 जनपदों में मकई की खेती के माध्यम से देखने को मिल रहा है. एक किसान प्रति हेक्टेयर ढाई लाख रुपये की आमदनी कर रहा है. यानी एक लाख रुपये की प्रति एकड़ आय हो रही है. वह तीन फसल (आलू, मकई व धान) बो सकता है. अन्नदाता किसान अपने पुरुषार्थ से देश की समृद्धि में सहायक हो रहा है. सीएम ने कहा कि 9 जून को पीएम मोदी के 11 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं. पीएम मोदी ने भारत को दुनिया की बड़ी ताकत के रूप में स्थापित किया है. गांव, गरीब, किसान, मजदूर, दलित, वंचित, पिछड़ा समेत सभी के हितों को संरक्षण करते हुए पीएम मोदी के नेतृत्व में नया भारत विरासत व विकास की यात्रा को अनवरत बढ़ा रहा है.

2014 में पहली बार सरकार के राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बना किसान

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में पहली बार अन्नदाता किसान किसी सरकार के राजनीतिक एजेंडे का हिस्सा बना. पहली बार स्वायल हेल्थ कार्ड हर किसान को उपलब्ध हुआ. इसके बाद प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई, प्रधानमंत्री कृषि बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिल रहा है. देश में 12 करोड़ और यूपी में 2.86 करोड़ किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ मिला. डीबीटी के माध्यम से इनके खाते में 85 हजार करोड़ रुपये भेजे गए.

ये भी पढ़ें: 11 Years Of Modi Government: पीएम मोदी ने 11 सालों मे बदली किसानों की तकदीर, बजट पांच गुना बढ़ा, MSP भी हुई दोगुनी

राज्य सरकार किसानों के भविष्य को संवारने के लिए कर रही कार्य

सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार भी किसानों के भविष्य को संवारने का कार्य कर रही है. 2017 के पहले किसान आत्महत्या कर रहा था. गन्ना किसानों को भुगतान नहीं हो रहा था. मकई, तिलहन, दलहन, आलू, बाजरा, ज्वार, धान, गेहूं के लिए क्रय केंद्र नहीं चलते थे. 2017 में सरकार ने सबसे पहले 86 लाख किसानों का 36 हजार करोड़ कर्जमाफ किया. फिर सिंचाई की क्षमता को विकसित करने के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का सहारा लिया. अब तक 23 लाख हेक्टेयर भूमि को अतिरिक्त सिंचन की सुविधा दी. 15 लाख निजी ट्यूबवेल को फ्री में बिजली की सुविधा दी गई. इसके बदले सरकार 2700 करोड़ रुपये बिजली विभाग को देती है, जिससे किसानों को फ्री बिजली मिलती है. पीएम कुसुम योजना के माध्यम से अब तक एक लाख से अधिक किसानों को सोलर पैनल उपलब्ध कराया गया है.

किसानों की खेती देख प्रफुल्लित हुए सीएम योगी

औरैया के किसानों की मकई की खेती को देख प्रफुल्लित सीएम ने आश्वस्त किया कि बहुत शीघ्र क्रय केंद्र स्थापित करके एमएसपी की घोषणा करने वाले हैं. उन्होंने कहा कि मकई पौष्टिक आहार है. स्वीट कार्न, बेबीकॉर्न, बायोफ्यूल व बायो प्लाास्टिक भी इससे बन सकता है. उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने भी वैल्यू एडिशन व फूड प्रोसेसिंग की बात कही.

पिछली सरकार जनता से करती थी मक्कारी

सीएम योगी ने कहा कि औरैया विकास के नए पथ पर अग्रसर है. पिछली सरकारें महापुरुषों का अपमान और जनता से मक्कारी करती थीं. भाजपा सरकार मक्का की खेती के उत्पादन को बढ़ाती और महापुरुषों का सम्मान करती है. किसी ने यहां मेडिकल कॉलेज के बारे में नहीं सोचा, लेकिन आज यहां मेडिकल कॉलेज बन चुका है. सपा ने नाम बदल दिया था, लेकिन हमने अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर मेडिकल कॉलेज का नाम रख दिया. सीएम ने अहिल्याबाई होल्कर के कृतित्व व व्यक्तित्व की भी चर्चा की.

चाचा-भतीजे के कारण विवादित हो जाती थी भर्ती

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में गुंडे-माफिया हावी थे. नौकरियों पर चाचा-भतीजे की दृष्टि के कारण भर्ती विवादित हो जाती थी. नौजवानों के जीवन से खिलवाड़ होता था. हमने 8 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है. 15 जून को गृह मंत्री के हाथों यूपी पुलिस के 60 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा. हमारी सरकार में 2.16 लाख से अधिक भर्ती केवल यूपी पुलिस में की जा चुकी है. पुलिस को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया. 1.60 लाख शिक्षक भर्ती के साथ ही अन्य विभागों में भी पारदर्शी नियुक्ति की गई. कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति से हुए निवेश के कारण 65 लाख युवाओं को नौकरी दी है. ओडीओपी के माध्यम से लगभग दो करोड़ नौजवानों को रोजगार की सुविधा मिली है.

सीएम योगी ने गिनाई औरैया की विकास यात्रा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया के विकास को भी गिनाया. बोले कि यहां 250 करोड़ से अहिल्याबाई होल्कर मेडिकल कॉलेज का कार्य पूरा हुआ. रिजर्व पुलिस लाइन के लिए 272 करोड़ रुपये उपलब्ध कराया गया. इसका कार्य चल रहा है. औरैया व जालौन को जोड़ने के लिेए यमुना पर 151 करोड़ से ब्रिज का निर्माण हो रहा है. मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए 24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. कृषि विज्ञान केंद्र का कार्य प्रगति पर है. कृषि एक्टेंशन के लिए तीन करोड़ व जिला न्यायालय के लिए 250 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं.

कार्यक्रम में कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, चंद्रशेखर आजाद विश्वविद्यालय के कुलपति आनंद कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे, विधायक गुड़िया कठेरिया, पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया आदि की उपस्थिति रही.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों मिला सम्मान

सीएम योगी ने नारायणी देवी को मिनीबीज किट, राजेश दीक्षित को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए 24 लाख, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत रेशू कुमार को पांच लाख का चेक, मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत सुमन को स्वीकृति पत्र, पंचायत कल्याण कोष के लिए गुड्डी देवी को चेक, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना योजना के तहत कांति देवी को पांच लाख का चेक और श्रीमान सिंह को घरौंनी प्रमाण पत्र प्रदान किया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital