Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

“बिटिया का इलाज कराएंगे, आवास भी दिलाएंगे”, जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनी लोगों की समस्याएं

मुख्यमंत्री ने आवास के लिए जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजना से मकान दिलाने और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों के इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता देने का आत्मीय संबल दिया.

CM Yogi

सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने गोरखपुर प्रवास के दौरान शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी. इस दौरान उन्होंने नन्ही बिटिया के इलाज में मदद और आवास की व्यवस्था करने की गुहार के साथ बिटिया को गोद में लेकर बैठी महिला को भरोसा दिया कि बच्ची का अच्छे से अच्छा इलाज सरकार कराएगी. महिला और उसके परिवार के लिए आवास की भी व्यवस्था कराई जाएगी.

CM Yogi ने सुनीं लोगों की समस्याएं

इसे लेकर सीएम योगी (CM Yogi) ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित भी किया. जनता दर्शन में आए लोगों की समस्याएं सुनते हुए मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे जन समस्याओं पर त्वरित संवेदनशीलता दिखाएं.

200 लोगों से सीएम ने की मुलाकात

शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने करीब 200 लोगों से मुलाकात की. महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर लगी कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक मुख्यमंत्री खुद पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याओं को सुना. ध्यान से बात सुनते हुए उनके प्रार्थना पत्र लिए और निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को संदर्भित कर निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक होना चाहिए.

लोगों को मदद का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री ने आवास के लिए जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजना से मकान दिलाने और गंभीर बीमारियों से पीड़ितों के इलाज में भरपूर आर्थिक सहायता देने का आत्मीय संबल दिया. उन्होंने कहा कि सरकार हर जरूरतमंद और पात्र व्यक्ति को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा हर समस्या के प्रभावी निस्तारण के लिए संकल्पित है. लोगों से मुलाकात के क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोद में बीमार बच्ची को लेकर कुर्सी पर बैठी महिला की समस्या सुन अत्यंत भावुक हो गए. महिला बच्ची के इलाज और आवास की समस्या लेकर आई थी. सीएम योगी ने उसे आश्वस्त किया कि दोनों समस्याओं, इलाज और आवास की व्यवस्था, का समाधान सरकार कराएगी. इस दौरान वह मां की गोद में बैठी बच्ची को खूब दुलारते भी रहे.

यह भी पढ़ें- अंतर्राष्ट्रीय MSME दिवस पर सीएम योगी का बड़ा ऐलान, लखनऊ से करेंगी योजनाओं का शुभारंभ

जनता दर्शन में कुछ अन्य लोग भी इलाज के लिए आर्थिक मदद की गुहार लेकर आए थे. मुख्यमंत्री ने उन्हें भरोसा दिया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा. उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि जो भी जरूरतमंद हैं, प्रशासन उनके उच्च स्तरीय इलाज का इस्टीमेट शीघ्रता से बनवाकर उपलब्ध कराए. इस्टीमेट मिलते ही सरकार तुरंत धन उपलब्ध कराएगी. अपराध व जमीन कब्जा किए जाने से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस को अपराधियों व भू माफिया के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिया. जनता दर्शन में परिजनों के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खूब दुलारा और आशीर्वाद दिया. साथ ही उन्हें पढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए चॉकलेट दिया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital