Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

डिजिटल शिक्षा को नई रफ्तार देगी सीएम योगी की सरकार, स्मार्ट क्लासरूम से लेकर AI तक खाका तैयार

CM Yogi UP Digital Kaushal Margdarshika: योगी सरकार परिषदीय विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा को रफ्तार देगी. शिक्षकों को स्मार्ट क्लासरूम, ICT लैब, निपुण प्लस ऐप और AI के जिम्मेदार उपयोग का प्रशिक्षण मिलेगा.

CM Yogi government Uttar Pradesh Digital Kaushal Margdarshika

CM Yogi UP Digital Kaushal Margdarshika: उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण प्रक्रिया को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और डिजिटल शिक्षा को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने के लिए योगी सरकार ने एक महत्वपूर्ण पहल की है. समग्र शिक्षा, उत्तर प्रदेश द्वारा ब्लॉक स्तर पर शिक्षकों के तकनीकी प्रशिक्षण के लिए ‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ तैयार की गई है.

इस मार्गदर्शिका का उद्देश्य शिक्षकों को स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी (ICT) लैब और डिजिटल लाइब्रेरी जैसे संसाधनों का व्यावहारिक व उद्देश्यपूर्ण उपयोग सिखाना है, ताकि विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता को नई गति मिल सके.

उपकरणों का चरणबद्ध प्रशिक्षण

शिक्षकों को इंटरैक्टिव फ्लैट पैनल (IFP), ओपीएस, यूपीएस, डेस्कटॉप, राउटर, प्रिंटर और वेब कैमरा चलाने व बंद करने का सटीक क्रम सिखाया जाएगा (चालू करते समय मुख्य स्विच -> यूपीएस -> पैनल/ओपीएस; बंद करते समय फाइलें बंद कर ओपीएस शटडाउन -> पैनल -> यूपीएस/मुख्य स्विच).

सभी उपकरणों को स्टॉक पंजिका में दर्ज करने तथा किसी तकनीकी खराबी की स्थिति में विद्या समीक्षा केंद्र के टोल-फ्री नंबर या प्रेरणा पोर्टल के कंप्लेंट मॉड्यूल पर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया बताई गई है.

5,000 ई-पुस्तकों का उपयोग

शिक्षण सामग्री को रोचक बनाने के लिए मार्गदर्शिका में विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के समन्वित उपयोग पर बल दिया गया है. प्रत्येक कालांश (पीरियड) में कम से कम 10 मिनट डिजिटल सामग्री का उपयोग करने का सुझाव दिया गया है. इंटरनेट न होने पर ऑफलाइन सामग्री और पेन ड्राइव का उपयोग किया जाएगा.

दीक्षा पोर्टल पर कक्षा 1 से 8 तक की 82 एनर्जाइज्ड पाठ्यपुस्तकों (क्यूआर कोड युक्त) और 16,000 से अधिक शैक्षिक वीडियो के साथ-साथ पीएम ई-विद्या व खान एकेडमी के उपयोग की जानकारी दी गई है. इसमें 5,000 से अधिक ई-पुस्तकें, ई-पत्रिकाएं और ऑडियो बुक्स उपलब्ध हैं, जिनके एकेडमिक मोड से बच्चों की कठिनाइयों की पहचान कर रेमेडियल कैच-अप कंटेंट दिया जा सकेगा.

स्कूल शिक्षा उत्तर प्रदेश की महानिदेशक ने कहा कि मोनिका रानी

“‘उत्तर प्रदेश डिजिटल कौशल मार्गदर्शिका’ के माध्यम से शिक्षकों को डिजिटल उपकरणों, शैक्षिक मंचों, विद्यार्थियों के आकलन एवं प्रगति की ट्रैकिंग तथा एआई के जिम्मेदार उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा. स्मार्ट क्लासरूम, आईसीटी लैब एवं डिजिटल पुस्तकालय का प्रभावी उपयोग शिक्षण प्रक्रिया को रोचक और परिणामोन्मुख बनाएगा.”

निपुण प्लस ऐप से ट्रैकिंग

मार्गदर्शिका के अनुसार, शिक्षक एलएमएस या दीक्षा के प्रश्नों से विद्यार्थियों का आकलन कर परिणाम ‘निपुण प्लस ऐप’ पर दर्ज करेंगे. यदि किसी अवधारणा पर आधे से अधिक विद्यार्थी गलत उत्तर देते हैं, तो उसे अगले कालांश में पुनः पढ़ाया जाएगा. इसमें ‘मैं करके दिखाता हूं, हम मिलकर करते हैं और बच्चे स्वयं करते हैं’ की तीन-चरणीय पद्धति को शामिल किया गया है.

ये भी पढ़ें: सीएम योगी सरकार में अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनीं महिलाएं, दुग्ध उत्पादन में रचा कीर्तिमान

इसके अतिरिक्त, शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से पाठ योजना और कार्यपत्रक तैयार करने के साथ-साथ तथ्यात्मक जांच करने तथा विद्यार्थियों के नाम, फोटो या यू-डायस कोड जैसी गोपनीय जानकारी किसी भी AI प्लेटफॉर्म पर साझा न करने की सख्त हिदायत दी गई है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Chhath Puja 2026