दोस्त की दुश्मनी में गई इकलौते बेटे की जान
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के हस्तिनापुर क्षेत्र में बदमाशों के दुस्साहस का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर 26 वर्षीय नितिन नागर की निर्मम हत्या कर दी गई. नितिन अपने माता-पिता की इकलौती संतान था और दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था. आगामी 3 अक्टूबर को उसका फिजिकल टेस्ट होना था. महज चार महीने पहले ही उसकी प्रिया नाम की युवती से शादी हुई थी.
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने नितिन का शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. सूचना मिलते ही यूपी सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटीक मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ धरने पर बैठ गए.
दोस्त की रंजिश बनी जान की दुश्मन
मिली जानकारी के अनुसार, हमलावरों की असली दुश्मनी नितिन से नहीं, बल्कि उसके दोस्त प्रिंस डोयला से थी. तीन दिन पहले प्रिंस और मिठ्ठू नामक युवक के बीच विवाद हुआ था, जो थाने तक पहुंचा था. हालांकि पुलिस ने दोनों पक्षों में समझौता करा दिया था, लेकिन रंजिश बरकरार रही.
शुक्रवार को जब प्रिंस पर हमला हुआ, उस वक्त नितिन उसकी बाइक पर पीछे बैठा था. बदमाशों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग में नितिन को दो गोलियां लग गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
‘योगी सरकार की भाषा में मिलेगा जवाब’
शव के पास परिजनों के बीच बैठे राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा, ‘इतना तगड़ा जवाब दिया जाएगा कि पूरे इलाके में नजीर बनेगी. मैं पद से बंधा हुआ हूं, लेकिन यह योगी जी की सरकार है. आपको पता है कि यहां किस भाषा में जवाब दिया जाता है, उसी भाषा में जवाब दिया जाएगा.’
एसएसपी का बयान और पुलिसिया कार्रवाई
उधर, वारदात के बाद मेरठ के SSP बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि हस्तिनापुर हत्याकांड के आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं. उन्होंने दावा किया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और घटना के पीछे की मुख्य वजह का खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: आज भी बेटियां सुरक्षित नहीं! स्कूल से जाते-आते वक्त करता था छेड़खानी… परेशान छात्रा का हुआ दर्दनाक अंत
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





