Bharat Express DD Free Dish

संतों का आशीर्वाद ही जीवन का चमत्कार, भारत 2047 तक बनेगा विकसित राष्ट्र- डॉ. दिनेश शर्मा

डॉ. दिनेश शर्मा (Dr. Dinesh Sharma) ने गोमती नगर में आयोजित प्रवचन और भंडारे में कहा कि संत समाज को जाति-धर्म से मुक्त कर सनातन परंपरा को आगे बढ़ाते हैं. उन्होंने गुरु की महत्ता पर जोर देते हुए भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने का विश्वास जताया.

राज्यसभा सांसद और यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा (Dr. Dinesh Sharma) ने कहा कि जब इंसान सत्य के करीब आता है तो उसके जीवन में आत्मविश्वास बढ़ता है. उन्होंने बताया कि संतों का आशीर्वाद ही जीवन में चमत्कार बन जाता है. संतों के पास वह शक्ति होती है जिससे वे समाज को जाति और धर्म के बंधन से मुक्त कर देते हैं. वे ऐसा समाज बनाते हैं जिसमें सभी लोग सनातन परंपरा से जुड़े होते हैं और यही परंपरा देश को समृद्ध बनाती है. शर्मा ने कहा कि जहां संत होते हैं, वहां बसंत भी होता है. भारत ऋषियों और किसानों का देश रहा है और यहां की समृद्धि किसानों की मेहनत और उपज पर ही टिकी है.

प्रवचन और भंडारे में दिया संदेश

गोमती नगर स्थित विज्ञान खंड में जाप स्थल और सेवा केंद्र पर आयोजित कार्यक्रम में डॉ. शर्मा (Dr. Dinesh Sharma) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. यह आयोजन लाल महेंद्र शिव शक्ति सेवा समिति (ओम नमः शिवाय आश्रम) द्वारा सेवा कार्य के 50 वर्ष पूरे होने पर किया गया था. हजारों श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत की सनातन संस्कृति दुनिया की सबसे पुरानी संस्कृतियों में से एक है. यह धर्म न केवल इंसानों बल्कि पशु-पक्षियों के कल्याण की भी भावना रखता है. यहां नाग को भी देवता मानकर दूध पिलाने की परंपरा है.

संस्कृति को आक्रांताओं ने नहीं मिटा पाया

डॉ. शर्मा (Dr. Dinesh Sharma) ने कहा कि आक्रांताओं ने देश को लूटा जरूर, लेकिन भारत की संस्कृति को नष्ट नहीं कर सके. उन्होंने गुरु को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए कहा कि गुरु समाज को राह दिखाता है और सबको साथ लेकर चलता है. उन्होंने चिंता जताई कि आज के समय में परिवारों के रिश्ते बदल रहे हैं और विवाद बढ़ रहे हैं. माता-पिता, जिन्हें देवतुल्य माना जाता है, वृद्धाश्रम जाने को मजबूर हो रहे हैं, जो हमारी संस्कृति के खिलाफ है. उन्होंने विश्वास जताया कि भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और 2047 तक विकसित राष्ट्र बन जाएगा.

ये भी पढ़ें-अमित शाह का ‘मिशन बॉर्डर’ तेज: आज सुबह 10 बजे सांचू पोस्ट पर पहुंचेंगे गृह मंत्री, BSF जवानों में भरेंगे जोश

कार्यक्रम में मौजूद रहे कई गणमान्य

इस अवसर पर सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी, भाजपा प्रवक्ता अवनीश त्यागी, ठाकुर मनु प्रताप सिंह और गिरीश मिश्रा सहित कई लोग उपस्थित रहे.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read