नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक डबल डेकर स्लीपर बस में अचानक भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी बस धू-धू कर जलने लगी.
गनीमत यह रही कि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा जान-माल का नुकसान नहीं हुआ.
नॉलेज पार्क क्षेत्र में हुआ हादसा
घटना थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र की है. स्लीपर बस यात्रियों को लेकर आगरा की तरफ बढ़ रही थी कि अचानक एक्सप्रेसवे पर बस से धुएं के साथ आग की लपटें निकलने लगीं. बस में आग लगी देख यात्रियों के बीच चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई. चालक और बस स्टाफ ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस रोकी और सभी सवारियों को नीचे उतारना शुरू किया.
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस का बड़ा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था.
शॉर्ट सर्किट की आशंका
शुरुआती जांच में आग लगने के कारणों का सटीक पता नहीं चल सका है, हालांकि अंदेशा जताया जा रहा है कि बस में शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ. पुलिस और दमकल विभाग की टीम तकनीकी पहलुओं की जांच कर रही है ताकि आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा सके.
बाधित रहा एक्सप्रेसवे का ट्रैफिक
एक्सप्रेसवे पर बीच सड़क जलती बस और फायर ब्रिगेड के रेस्क्यू ऑपरेशन के चलते कुछ समय के लिए यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. हालांकि, पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया और स्थिति को नियंत्रित किया.
यह भी पढ़ें: इंस्टा पर प्यार फिर शादी और 60 लाख की ठगी; पैसे मांगे तो बोला- अब धर्म बदलो, बुर्का पहनो!
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



