Fatehpur Police Action: यश/फतेहपुर: फतेहपुर जिले के खखरेरू थाना क्षेत्र में पुलिस ने भेड़-बकरी चोरी करने वाले एक सक्रिय गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके छह अन्य साथियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. इस कार्रवाई में चोरी की गई दर्जनों भेड़-बकरियां, अवैध असलहे और कई वाहन भी बरामद किए गए हैं.
यह पूरा मामला खखरेरू थाना क्षेत्र के आलमपुर गेरिया रोड का है, जहां पुलिस रात में चेकिंग अभियान चला रही थी.
भेड़ चोरी से खुला पूरा गैंग
पुलिस के अनुसार, 27 जनवरी 2026 को खागा थाना क्षेत्र के खैरई गंगरियनपुरवा निवासी अरविंद पुत्र रामदीन की करीब 140 भेड़ों में से कई भेड़ें चोरी हो गई थीं. इनमें से कुछ भेड़ें खखरेरू थाना क्षेत्र के बरयेपुर गांव से गायब हुई थीं. इस मामले में थाना खखरेरू में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. चोरी की इस घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी.
रात की चेकिंग में मुठभेड़
29 और 30 जनवरी की दरम्यानी रात खखरेरू और गाजीपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम आलमपुर गेरिया रोड पर अंजना कबीर ईंट भट्ठा के पास वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन कार सवार बदमाशों ने रुकने के बजाय फायरिंग कर दी.
बताया गया कि कार चला रहा आरोपी शोएब कुरैशी उर्फ शीबू ने पुलिस टीम पर तमंचे से गोली चलाई. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शोएब के बाएं पैर में गोली लग गई और वह मौके पर गिर पड़ा.
घायल बदमाश अस्पताल में भर्ती
पुलिस ने घायल बदमाश को तुरंत काबू में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू भेजा. उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन और 1200 रुपये नकद बरामद किए गए. वहीं स्विफ्ट डिजायर कार से तीन भेड़ें भी मिलीं.
60 भेड़ें, 7 बकरियां और कई वाहन बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर मौके से छह अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया. इनके पास से एक पिकअप वाहन और एक लोडर बरामद किया गया, जिनमें कुल 60 भेड़ें और 7 बकरियां लदी हुई थीं. पुलिस का कहना है कि ये जानवर खखरेरू, किशनपुर, गाजीपुर और बिंदकी थाना क्षेत्रों से चोरी किए गए थे.
हालांकि इस दौरान एक आरोपी अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है.
कानूनी कार्रवाई तेज
पुलिस ने मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में नई धाराएं जोड़ते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत अलग से मामला भी दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गैंग लंबे समय से भेड़-बकरी चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था और अब इसके नेटवर्क की भी जांच की जा रही है.
बा दें कि इस कार्रवाई के बाद इलाके के पशुपालकों ने राहत की सांस ली है. पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके.
ये भी पढ़ें: लखनऊ हवाई अड्डे का परचम, विंग्स इंडिया अवार्ड्स 2026 में मिला बेस्ट एयरपोर्ट अवॉर्ड
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



