पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन
Shriprakash Jaiswal Death: उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का लंबी बीमारी के बाद आज कानपुर में निधन हो गया. वह 81 वर्ष के थे. हृदय गति रुक जाने (Cardiac Arrest) के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर कहा—
पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ राजनेता श्री श्रीप्रकाश जायसवाल जी का निधन अत्यंत दुःखद है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें.
पूर्व केंद्रीय मंत्री, वरिष्ठ राजनेता श्री श्रीप्रकाश जायसवाल जी का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान व शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति!
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 28, 2025
लगातार 3 बार कानपुर से सांसद रहे श्रीप्रकाश
श्रीप्रकाश जायसवाल का राजनीतिक सफर 1989 में कानपुर के मेयर (महापौर) के रूप में शुरू हुआ था. इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखा. वह 1999 से 2014 तक लगातार तीन बार कानपुर से लोकसभा सांसद चुने गए, यानी उन्होंने 15 वर्षों तक संसद में कानपुर का प्रतिनिधित्व किया. मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में उन्होंने महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया. वह कोयला मंत्री और गृह राज्य मंत्री भी रहे.
उत्तर प्रदेश की कांग्रेस इकाई में अहम भूमिका
श्रीप्रकाश जायसवाल ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में भी कांग्रेस को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाई. वह कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे और उनकी अगुवाई में ही कांग्रेस ने 2002 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ा था. अपनी शांत छवि, मजबूत जनसंपर्क और बेदाग व्यक्तित्व के कारण वह सभी दलों के नेताओं के बीच सम्मानित थे. उनके निधन को उत्तर प्रदेश कांग्रेस के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है. उनके अंतिम संस्कार की जानकारी जल्द ही दी जाएगी.
मनमोहन सरकार में कोयला और गृह राज्य मंत्री रहे
कांग्रेस के एक नेता ने शोक व्यक्त करते हुए कहा- श्रीप्रकाश जायसवालजी ने 1989 में कानपुर के मेयर, मनमोहन सरकार में कोयला और गृह राज्य मंत्री, और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उन्होंने अपनी सेवाएं दीं. उनका जाना कानपुर और कांग्रेस के लिए बड़ी क्षति है. उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि.
अशोक चक्र से सम्मानित शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने खटखटाया कोर्ट का दरवाजा
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

