Bharat Express DD Free Dish

‘झूठे केस में फंसा दूंगी!’ युवती की धमकियों से तंग आकर युवक ने दी जान, बहन ने थाने में दी तहरीर

गाजियाबाद के खोड़ा में 26 वर्षीय युवक ने आत्महत्या की. बहन ने इंदिरापुरम की एक युवती पर मानसिक उत्पीड़न और झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Ghaziabad Suicide Case after mental Harassment

Ghaziabad Suicide Case:सोनु खान/गाजियाबाद: गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर किसी का भी दिल दहल जाए. एक हंसता-खेलता 26 साल का युवक, जिसका नाम आशीष कुमार था, अब इस दुनिया में नहीं रहा. आशीष की मौत के पीछे की कहानी इतनी दुखद और चौंकाने वाली है कि अब पुलिस भी इसे आत्महत्या मानकर मामले की गहराई से छानबीन कर रही है. परिवार का सीधा आरोप है कि आशीष ने अपनी जान खुद नहीं ली, बल्कि उसे ऐसा कदम उठाने के लिए मजबूर किया गया.

प्रताड़ना और ब्लैकमेल के आरोप

खोड़ा कॉलोनी के लोकप्रिय विहार में रहने वाले आशीष की बहन निशा कुमारी ने थाना खोड़ा में जो तहरीर दी है, उसमें एक युवती ‘महिमा गुप्ता’ पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. निशा का कहना है कि इंदिरापुरम की रहने वाली महिमा पिछले कई महीनों से आशीष को चैन से जीने नहीं दे रही थी.

परिवार की मानें तो महिमा उसे लगातार ब्लैकमेल कर रही थी. कभी पैसों की मांग, तो कभी उसे झूठे रेप केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकियां देकर आशीष को मानसिक रूप से तोड़ा जा रहा था. लगातार मिल रही इन धमकियों के कारण आशीष पिछले कुछ समय से बेहद तनाव में था. वह अंदर से टूट चुका था, लेकिन उसने शायद ही सोचा होगा कि यह रास्ता ही उसकी जिंदगी का आखिरी रास्ता बन जाएगा.

मौत से कुछ घंटे पहले क्या हुआ?

घटना 3 मार्च की है. परिवार के मुताबिक, शाम करीब 7 बजे आशीष घर से निकला था. वह महिमा से मिलने गया और फिर इंदिरापुरम के डी मॉल तक गया. वह रात को करीब 1 बजे घर वापस लौटा, लेकिन उसके मन में क्या चल रहा था, यह कोई नहीं समझ सका. इसके कुछ ही देर बाद, रात के करीब 1 बजकर 43 मिनट पर निशा के इंस्टाग्राम पर महिमा की कॉल आई. परिवार को शक है कि उसी कॉल या उसके ठीक बाद कुछ ऐसा हुआ जिसने आशीष को यह आत्मघाती कदम उठाने के लिए उकसाया. थोड़ी ही देर बाद आशीष ने घर में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.

निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित परिवार के पास आशीष और महिमा की मुलाकात की 3 मार्च वाली आखिरी तस्वीर भी मौजूद है. बहन निशा का कहना है कि यह फोटो इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में सबसे बड़ा सबूत साबित हो सकती है. फिलहाल, खोड़ा पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. महिमा की भूमिका, इंस्टाग्राम पर हुई उस आखिरी बातचीत और ब्लैकमेलिंग के आरोपों को खंगाला जा रहा है.

ये भी पढ़े: 10 सेकंड में खुद को किया खत्म! गढ़मुक्तेश्वर होटल में युवक के खौफनाक कदम से मचा हड़कंप

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read