गाजियाबाद के लोनी इलाके में हुए यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमले के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने ताबड़तोड़ एक्शन लिया है. इस हमले के मुख्य आरोपी जीशान को पुलिस ने एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी थी और ठीक अगले ही दिन पुलिस ने इस एनकाउंटर को अंजाम दे दिया.
क्या था पूरा मामला?
शुक्रवार की सुबह का वक्त था जब दो हमलावर बाइक पर सवार होकर यूट्यूबर सलीम वास्तिक के ऑफिस पहुंचे. उन्होंने अंदर घुसते ही सलीम पर चाकू से बेरहमी से हमला कर दिया. सलीम की गर्दन और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े. आनन-फानन में उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने के कारण उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल रेफर कर दिया गया. फिलहाल सलीम की गर्दन का ऑपरेशन तो हो चुका है, लेकिन उनकी स्थिति अभी भी काफी गंभीर बनी हुई है.
CM Yogi का ‘जीरो टॉलरेंस’ एक्शन
सलीम पर हुए इस हमले ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी थी. घटना के बाद जब मामला तूल पकड़ा, तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इसका संज्ञान लिया और हमलावरों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए. सरकार की चेतावनी के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने जाल बिछाया और मुख्य आरोपी जीशान तक पहुंच गई. लोनी इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान जीशान को गोलियां लगीं, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसने दम तोड़ दिया. जीशान मूल रूप से अमरोहा का रहने वाला बताया जा रहा है.
वीडियो कंटेंट और धमकियों का कनेक्शन
सलीम वास्तिक सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं और ‘एक्स मुस्लिम’ (पूर्व मुस्लिम) के तौर पर अपनी पहचान रखते हैं. उनके वीडियो और कंटेंट को लेकर उन्हें काफी समय से सोशल मीडिया पर विरोध और धमकियां मिल रही थीं. माना जा रहा है कि उनके बयानों और यूट्यूब वीडियो की वजह से वे कुछ लोगों की आंखों में खटक रहे थे. पुलिस अब इस एंगल पर भी गहराई से जांच कर रही है कि हमले के पीछे की मुख्य वजह क्या थी और इस साजिश में और कौन-कौन शामिल हो सकता है.
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है और कई अन्य संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है.
ये भी पढ़ें: ‘हर अन्याय पर समान संवेदनशीलता जरूरी’, चयनात्मक आक्रोश पर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह का सवाल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




