Bharat Express DD Free Dish

दादरी में दुकान की मरम्मत के दौरान गिरा लेंटर, मलबे में दबे आधा दर्जन मजदूर

ग्रेटर नोएडा के दादरी में जीटी रोड पर मरम्मत के दौरान दुकान का लेंटर गिरने से आधा दर्जन मजदूर मलबे में दब गए. एनडीआरएफ की टीम ने 4 मजदूरों को निकालकर अस्पताल पहुंचाया, ठेकेदार फरार है.

Greater Noida Dadri Shop Roof Collapse Lintel Incident NDRF Rescue
Edited by Vaibhav Gupta

दिल्ली-एनसीआर से सटे ग्रेटर नोएडा के दादरी कस्बे में एक भीषण हादसा सामने आया है. यहां जीटी रोड पर स्थित एक पुरानी दुकान की मरम्मत के दौरान अचानक भरभराकर लेंटर गिर गया. हादसे के वक्त दुकान के भीतर काम कर रहे आधा दर्जन से ज्यादा मजदूर मलबे के नीचे दब गए. अचानक हुए इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और भगदड़ जैसा माहौल बन गया.

सपोर्ट हटते ही ताश के पत्तों की तरह ढहा लेंटर

घटना दादरी के जीटी रोड इलाके की है, जहां सतीश नामक व्यक्ति की पुरानी दुकान में रिपेयरिंग का काम चल रहा था. ठेकेदार ने अंदर मरम्मत के लिए कई मजदूरों को काम पर लगा रखा था. इसी दौरान लेंटर को नीचे से सहारा दे रही सपोर्ट अचानक खिसक गई, जिससे पूरी छत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. जोर के धमाके और धूल के गुबार के साथ लेंटर गिरते ही वहां चीख-पुकार मच गई.

NDRF और SDRF ने संभाला मोर्चा

हादसे की भयावहता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और राहत टीमों को सूचना दी. खबर मिलते ही स्थानीय पुलिस, फायर ब्रिगेड के साथ-साथ एनडीआरएफ (NDRF) और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत बचाव कार्य शुरू किया.

रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए मलबे से चार मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया. घायलों में से एक मजदूर की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है.

मौके से ठेकेदार फरार

मलबे के नीचे कुछ और मजदूरों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू टीमें भारी मशीनों के जरिए लगातार मलबे को हटाने और तलाश करने में जुटी हुई हैं. स्थानीय निवासी ईश्वर वर्मा के मुताबिक हादसा बेहद अचानक हुआ, जिससे किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला. उधर, हादसे के बाद से ठेकेदार मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है.

यह भी पढ़ें: ‘मेहनती लोगों को कचरा समझते…’ संभव जैन सुसाइड पर समय रैना का कथित कमेंट वायरल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read