Bharat Express DD Free Dish

‘दादी ने क्यों डांटा?’…15 साल के मासूम को उतार दिया मौत के घाट, अब पुलिस ने सिखाया सबक

ग्रेटर नोएडा में 15 साल के किशोर गोपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया है. इनमें से दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा करके दबोच लिया है.

ग्रेटर नोएडा में 15 साल के किशोर गोपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ लिया है. इनमें से दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी को पुलिस ने पीछा करके दबोच लिया है. घटना के बाद से इलाके में दहशत और गुस्से का माहौल था. अब पुलिस की कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है.

क्या है पूरा मामला?

यह पूरी घटना करीब 5 दिन पहले की है, जब पड़ोस में रहने वाले कुछ युवक 15 वर्षीय किशोर गोपाल को अपने साथ ले गए और फिर वो कभी लौटकर नहीं आया. दरअसल, ये आरोपी अक्सर गोपाल को अपने साथ ले जाते थे और उसे हुक्का पिलाते थे. जब यह बात गोपाल की दादी को पता चली, तो उन्होंने अपने पोते की भलाई के लिए उन युवकों को जमकर फटकार लगा दी.

दादी का यह डांटना उन बदमाशों को इतना नागवार गुजरा कि उन्होंने इसे अपनी तौहीन मान लिया. इसी बात की खुन्नस में आरोपियों ने बदला लेने का एक खौफनाक प्लान बनाया. मौका पाकर वे गोपाल को एक खाली मकान में ले गए. वहां उन्होंने मासूम गोपाल का सिर दीवार पर इतनी बेरहमी से मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गए थे.

सबोता अंडरपास के पास हुई पुलिस से मुठभेड़

घटना के बाद से ही जेवर थाना पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सबोता अंडरपास के पास छिपे हुए हैं या वहां से भागने की फिराक में हैं. जैसे ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को सरेंडर करने के लिए कहा, उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.

पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए. वहीं, तीसरे ने भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया. पुलिस ने घायल बदमाशों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से पुलिस ने अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है.

अधिकारियों ने क्या कहा?

इस पूरी मुठभेड़ और सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर गौतमबुद्धनगर के ज्वाइंट सीपी राजीव नारायण मिश्र ने आधिकारिक बयान जारी किया है. उन्होंने बताया कि,

“पुलिस टीम लगातार इस हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में थी. मुखबिर की सूचना पर जब पुलिस ने जेवर के सबोता अंडरपास के पास घेराबंदी की, तो बदमाशों ने टीम पर गोलियां चला दीं. जवाबी फायरिंग में दो आरोपी घायल हुए हैं और कुल तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में यह बात सामने आई है कि महज दादी की डांट का बदला लेने के लिए इन्होंने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था. कानून हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा.”

इस घटना के बाद से इलाके के लोग हैरान हैं कि कैसे आज के दौर में मामूली सी बातों पर लोग किसी की जान लेने पर उतारू हो जाते हैं. फिलहाल, पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

ये भी पढ़ें- एनडीए की बंपर जीत ने दिलाई 2010 की याद, विपक्ष फिर हुआ कमजोर

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read