कई बड़े शहरों में H1N1 के मामले
प्रयागराज: स्वरूप रानी नेहरू (SRN) चिकित्सालय के स्वाइन फ्लू आइसोलेशन वार्ड में H1N1 (स्वाइन फ्लू) पॉजिटिव एक 50 वर्षीय महिला मरीज को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है. सराय इनायत क्षेत्र की रहने वाली यह महिला मधुमेह (Diabetes) से भी पीड़ित हैं.
महिला को पिछले सात दिनों से तेज बुखार, खांसी और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत थी. स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने पहले उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जांच में H1N1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई. स्थिति नाजुक होने पर उन्हें तुरंत SRN अस्पताल रेफर कर दिया गया.
वर्तमान में मरीज को आइसोलेशन वार्ड में BiPAP सपोर्ट पर रखा गया है और मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है.
SRN अस्पताल प्रशासन के अनुसार, H1N1 मरीजों के इलाज के लिए अलग वार्ड के साथ ऑक्सीजन, BiPAP और वेंटिलेटर जैसी आवश्यक सुविधाएं तैयार रखी गई हैं.
चिकित्सकों ने आमजन को बुखार व सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करने और विशेष रूप से गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है.
यह भी पढ़िए: क्या नया म्यूटेंट है आउटब्रेक की वजह? समझिए H1N1 के आंकड़े, इलाज और फ्लू वैक्सीन रोल
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




