Hathras News: हाथरस/दीपेश: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले से एक ऐसी शर्मनाक और अमानवीय घटना सामने आई है, जिसने समाज की सोच और पंचायत के नाम पर होने वाले फैसलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिले के मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गारव गढ़ी गांव में धर्म परिवर्तन के शक में एक युवक और उसकी पत्नी के साथ न केवल बेरहमी से मारपीट की गई, बल्कि उन्हें भरी पंचायत में जूतों की माला पहनाकर जलील किया गया. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस खौफनाक सजा को अंजाम देने वाले कोई और नहीं, बल्कि युवक के सगे पिता और भाई हैं.
ईसाई धर्म अपनाने का शक (Hathras crime news)
यह पूरा विवाद युवक बलराम के धर्म परिवर्तन से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, बलराम के परिवार वालों को शक था कि उसने ईसाई धर्म (Christianity) अपना लिया है. इसी शक के आधार पर परिवार में भयंकर क्लेश शुरू हो गया.
विवाद इतना बढ़ गया कि गांव में पंचायत बुलाई गई. इसी पंचायत के दौरान बलराम के पिता और भाई ने मिलकर उसके साथ सरेआम मारपीट की. जब बलराम की पत्नी ने अपने पति को बचाने और इस अमानवीय कृत्य का विरोध करने की कोशिश की, तो उसे भी नहीं बख्शा गया.
पत्नी को भी पहनाई जूतों की माला (Viral video Hathras)
क्रोध और कट्टरता में अंधे हो चुके परिजनों ने पत्नी के विरोध करने पर उसे भी सरेआम अपमानित किया. पंचायत में मौजूद लोगों के सामने ही पति और पत्नी, दोनों के गले में जूतों की माला डाल दी गई. बात यहीं खत्म नहीं हुई; पिता और भाई ने पंचायत में ही ऐलान कर दिया कि बलराम और उसकी पत्नी का परिवार से अब कोई नाता नहीं है और उनका पूर्ण रूप से सामाजिक बहिष्कार किया जाता है.
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस का एक्शन
इस पूरी अमानवीय घटना का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. जैसे ही यह वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया, मुरसान कोतवाली की पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई और गारव गढ़ी गांव पहुंची.
ये भी पढ़ें: आगरा में 27 मजारों और मस्जिदों पर चलेगा बुलडोजर? योगी यूथ ब्रिगेड के 60 दिन के अल्टीमेटम से प्रशासन में हड़कंप
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए हाथरस के क्षेत्राधिकारी (CO City) योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि पुलिस ने घटना का कड़ा संज्ञान लिया है. मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



