सपा का दामन थामते शायान मसूद फोटो क्रेडिट- भारत एक्सप्रेस
UP Politics News: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी बीच सहारनपुर से कांग्रेस के दिग्गज नेता और सांसद इमरान मसूद को उनके ही घर से एक तगड़ा राजनीतिक झटका लगा है. इमरान मसूद के दामाद शायान मसूद ने कांग्रेस का हाथ झटक कर समाजवादी पार्टी की साइकिल की सवारी कर ली है. लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता लेते ही शायान ने अपने ससुर पर जमकर सियासी भड़ास निकाली.
ससुर की विचारधारा से इत्तेफाक नहीं रखता (UP Politics Shayan Masood)
सपा का झंडा थामने के बाद मीडिया से मुखातिब होते हुए शायान मसूद ने साफ कर दिया कि उनकी और उनके ससुर इमरान मसूद की ‘पॉलिटिकल वाइव’ अब बिल्कुल मैच नहीं हो रही है. शायान ने कहा, “मैं इमरान मसूद की विचारधारा से इत्तेफाक नहीं रखता. अगर आप यूपी में बीजेपी को हराना चाहते हैं, तो आपको बीजेपी के खिलाफ बोलना होगा. लेकिन मेरे ससुर इमरान मसूद अखिलेश यादव के खिलाफ बोल रहे हैं. अखिलेश पर हमला करने का सीधा मतलब है बीजेपी को फायदा पहुंचाना.” शायान ने दो टूक कहा कि बीजेपी को हराने के लिए अखिलेश यादव के अलावा यूपी में कोई दूसरा विकल्प नहीं है.
#WATCH | Noida, UP: On joining the Samajwadi Party, Shayan Masood, the son-in-law of Congress leader Imran Masood, said, “I do not agree with Imran Masood’s ideology. If you want to defeat the BJP in UP, you have to speak out against the BJP. But he keeps speaking against… pic.twitter.com/J3BQtoQGaz
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) August 21, 2026
अखिलेश यादव को बताया सबसे दूरदर्शी नेता (Akhilesh Yadav UP Politics)
सपा मुखिया की जमकर तारीफ करते हुए शायान मसूद ने कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश के सबसे दूरदर्शी और प्रगतिशील सोच वाले नेता हैं. उन्होंने 2012 से 2017 तक की सपा सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि जो काम अखिलेश जी ने 10 साल पहले कर दिए (लैपटॉप बांटना, एक्सप्रेस-वे बनाना), मौजूदा बीजेपी सरकार आज तक उस स्तर तक नहीं पहुंच पाई है. शायान ने तंज कसते हुए कहा, “बीजेपी ने सपा की परियोजनाओं की नकल करने की कोशिश जरूर की, लेकिन नकल के लिए भी अक्ल चाहिए, जो इनके पास नहीं है.”
ये भी पढ़ें: यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 9 जिलों के IPS ट्रांसफर, संभल से हटे ‘सुपरकॉप’ केके बिश्नोई
PDA के फॉर्मूले पर भरोसा (UP Politics PDA)
शायान मसूद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के ‘पीडीए’ (PDA) फॉर्मूले की स्वीकार्यता बहुत तेजी से बढ़ रही है. जनता में बदलाव का उत्साह है. शायान ने कहा कि वह अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने और पश्चिमी यूपी में सपा को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरे हैं. अब देखना दिलचस्प होगा कि दामाद के इस खुले ‘विद्रोह’ और सियासी भड़ास पर ससुर इमरान मसूद क्या प्रतिक्रिया देते हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



