Ambedkar Nagar News: स्वास्थ्य सेवा के केंद्र यानी अस्पताल में जब किसी मरीज का जीवन छिन जाता है तो उस परिवार पर क्या गुज़रती होगी यह सोचकर ही दिल कांप जाता है. हालांकि, उत्तर प्रदेश में डॉक्टरों पर हेल्थ सेंटर की लापरवाही के कारण ऐसे मामले आते रहते हैं. ताजा मामाला अम्बेडकर नगर के साकेत मेडिकल सेंटर का आया है. जहां, इलाज के 48 घंटे बाद मरीज की मौत हो गई. मामला इसलिए भी बड़ा बन जाता है कि मेडिकल सेंटर बीजेपी नेता से संबंधित है. खैर स्वास्थ्य विभाग शिकायत मिलने के बाद एक्शन में आ गया है और जांच के लिए टीम गठित कर दी है.
क्या है Ambedkar Nagar का मामला?
मेडिकल सेंटर पर आरोप है कि वहां एक महिला का ऑपरेशन करने के बाद उसकी मौत हो गई. परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है. इजहापुर थाना इलाके में पड़ने वाले गांव पूरनपुर के रहने वाले राजमीत अपने बेटी दुर्गा की सर्जरी के लिए 27 जुलाई को अस्पताल (Saket Medical Center Ambedkar Nagar) पहुंचे थे. उसका इलाज हुआ लेकिन 2 दिन बाद यानी 29 जुलाई को उसकी मौत हो गई. उन्होंने अपने स्तर पर लोगों से न्याय की गुहार लगाई लेकिन उनकी एक न सुनी गई.
बेटी की मौत के बाद राजमीत ने 8 अगस्त को मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखकर शिकायत की. राजमीत ने आरोप लगाया गया है कि चिकित्सकों की लापरवाही से उनकी बेटी की मौत हुई है. अब जाकर विभाग ने उनके पत्र को संज्ञान में लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं.
7 सदस्यों की टीम हुई गठित
मुख्य चिकित्साधिकारी ने इस मामले की जांच के लिए 7 सदस्यीय टीम का गठन किया है. इस टीम में डॉ. सुरेश कुमार शुक्ला (मुख्य चिकित्साधिकारी), डॉ.अनूप मौर्य (अपर प्रमुख अधीक्षक, जिला चिकित्सालय), डॉ. विजय बहादुर (चिकित्साधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र) डॉ. बीडी यादव (फिजिशियन, संयुक्त जिला चिकित्सालय), डॉ कीर्ति अवस्थी रिजवी (जनसेवा केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र) शामिल हैं.
शिकायतकर्ता ने बताया कि उनसे इलाज के लिए पैसे नहीं लिए गए हैं. पूरा इलाज आयुष्मान कार्ड से किया गया है. इसी कारण भुगतान संबंधी जांच के लिए दो अन्य सदस्य नामित किए गए हैं. इसमें प्रतीक्षा सिंह (उप जिलाधिकारी / ज्वाइंट मजिस्ट्रेट), डॉ. मृदुल त्रिपाठी (जिला कार्यक्रम समन्वयक, कार्यालय अधोहस्ताक्षरी) शामिल हैं. जांच टीम इस मामले की जांच करेगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की सिफारिश करेगी. टीम को एक सप्ताह में जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.
डायरेक्टर के नाम जारी हुआ नोटिस
अस्पताल (Saket Medical Center Ambedkar Nagar) को नोटिस भेजकर कर्मचारियों को सोमवार को तलब किया गया है. उनसे इस मामले में पूछताछ की जाएगी. इस नोटिस में मरीज का इलाज करने वाली टीम के नाम शामिल किए गए हैं. नोटिस भाजपा नेता रजनीश सिंह की पत्नी व सेंटर की संचालक अनामिका सिंह के नाम जारी किया गया है. इसमें उन्हें निर्देशित किया गया है संबंधित मामले में इलाज करने वाली टीम को निर्देश दें की वो जांच में सहयोग करें. सभी को सोमवार सुबह 11 बजे के लिए तलब किया गया है.
- डॉ. अनुनय सिंह- यूरोलॉजिस्ट
- डॉ. सुदीप कुमार मौर्य- एनेस्थिसियोलॉजी
- सत्यम शुक्ला- OT टेक्नीशियन
- प्रेम चंद- OT टेक्नीशियन
- विकास सिंह- GNM
- अंजलि- ANM
- गुलजहां बानो- GDA
ये भी पढ़ें: एसिडिटी का अंत तुरंत! अपनाएं 5 आसान नुस्खे
पिता को उम्मीद की मिलेगा न्याय
बेटी दुर्गा को ऑपरेशन के लिए भर्ती कराने वाले राजमीत आज अपनी लाडली को खो चुके हैं. उनका दर्द तब और गहरा हो गया, जब उन्होंने अस्पताल प्रशासन पर घोर लापरवाही का आरोप लगाया. न्याय की इस लड़ाई में, अब प्रशासनिक सख्ती दिखाई दी है. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए, दोषियों को बेनकाब करने के लिए, विशेषज्ञ डॉक्टरों और आईएएस प्रतीक्षा सिंह के साथ 7 सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. परिवार को उम्मीद है कि उनकी बेटी की मौत के पीछे की सच्चाई अब जल्द ही सामने आएगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

