Bharat Express DD Free Dish

अयोध्या ‘मछली भोज’ पर सियायी बवाल: सीएम योगी के बाद इकबाल अंसारी ने कांग्रेस पर उठाए सवाल

अयोध्या में कांग्रेस के ‘मछली भोज’ पर विवाद गहरा गया है. बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने सावन के महीने में मांस-मछली न खाने की सलाह दी है.

Iqbal Ansari Reacts To Ayodhya Congress Fish Party Controversy Bharat Express

Iqbal Ansari

Ayodhya Congress Fish Party Controversy: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में कांग्रेस पार्टी की ओर से आयोजित ‘मछली भोज’ पर शुरू हुआ सियासी विवाद अब और गहराता जा रहा है. राम मंदिर क्षेत्र में दान चोरी के मुद्दे को लेकर घेराबंदी कर रही कांग्रेस खुद इस भोज के आयोजन को लेकर घिर गई है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कांग्रेस पर करारा हमला बोलने के बाद अब इस पूरे मामले में बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार रहे इकबाल अंसारी की भी प्रतिक्रिया सामने आ गई है. उन्होंने अयोध्या की मर्यादा का हवाला देते हुए सावन के महीने में मांस-मछली के सेवन से परहेज करने की बात कही है.

सावन के पवित्र महीने में पूजा-पाठ पर दें ध्यान: इकबाल अंसारी

कांग्रेस के इस आयोजन पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बाबरी मस्जिद के पूर्व पक्षकार इकबाल अंसारी ने कहा कि सावन का महीना बेहद पवित्र होता है और इसमें मांस-मछली का सेवन नहीं करना चाहिए.

उन्होंने कहा, ‘अयोध्या एक पवित्र और धार्मिक नगरी है. हिंदू धर्म में सावन के महीने का बहुत बड़ा महत्व है और यह समय पूजा-पाठ के लिए विशेष माना जाता है. ऐसे में लोगों को इस पूरे महीने में मांस, मछली, मुर्गा या अंडे जैसी चीजों से परहेज करना चाहिए. इस पावन समय में सभी को धार्मिक गतिविधियों और ईश्वर की भक्ति पर ही अपना ध्यान लगाना चाहिए.’

10 क्विंटल मछली पकाने का दावा

दरअसल, यह पूरा विवाद बीते रविवार को उस समय शुरू हुआ जब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम अयोध्या पहुंचे थे. यहां निषाद समाज की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता शामिल हुए थे. दावों के मुताबिक, इस कार्यक्रम के दौरान करीब 10 क्विंटल मछली पकाई गई थी और तेज बारिश के बावजूद लोगों के बीच मछली भोज का वितरण हुआ.

मामले के तूल पकड़ते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर सीधा हमला बोला. सीएम योगी ने कहा कि जो लोग भगवान राम के अस्तित्व को नकारते रहे हैं, वे हनुमानगढ़ी में दर्शन करने के बाद मछली की दावत उड़ा रहे हैं. यह देश की सांस्कृतिक विरासत के साथ खिलवाड़ है.

अजय राय ने दी सफाई

मुख्यमंत्री के तीखे हमले के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पलटवार करते हुए सफाई दी. अजय राय ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर कोई उन्हें मछली भोज में शामिल होकर खुद मछली खाते हुए दिखा दे, तो वह तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे देंगे. हालांकि, इकबाल अंसारी के इस बयान के बाद अयोध्या की धार्मिक मर्यादा को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है.

यह भी पढ़ें: UP में नकली दवाओं का खेल खत्म! योगी सरकार का नया प्लान, सप्लाई चेन से लेकर बिलिंग तक कड़ी निगरानी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read