रिपोर्ट पुनीत अग्रवाल
झांसी में कुछ दिन पहले सूने मकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने आखिरकार खुलासा कर दिया है. इस मामले में शहर कोतवाली पुलिस की देर रात दो संदिग्ध बदमाशों से मुठभेड़ हो गई, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से चोरी का सामान, अवैध तमंचा, कारतूस, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
हालांकि इस वारदात में शामिल उनका एक साथी मौके से फरार होने में कामयाब हो गया, जिसकी तलाश अब भी जारी है.
क्या है पूरा मामला?
मामले की शुरुआत 11 मार्च को हुई थी. उन्नाव गेट के मेवातीपुरा इलाके में रहने वाली उमा वर्मा अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने जालौन गई थीं. घर पर ताला लटका था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने हाथ साफ कर दिया. जब 15 मार्च को परिवार वापस लौटा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर अलमारियों से सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और मोबाइल फोन गायब थे. उमा वर्मा ने तुरंत कोतवाली पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई.
संदिग्धों को रोकने पर बदमाशों ने की फायरिंग
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति के सख्त निर्देश के बाद पुलिस की टीमें सक्रिय हुईं और मुखबिरों का जाल बिछाया गया. शनिवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध नगरिया कुआं इलाके के पास देखे गए हैं. जैसे ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और उन्हें रुकने का इशारा किया, बदमाशों ने खुद को घिरा देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी.
हवा में गोलियां चलते ही पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और जवाबी घेराबंदी करते हुए दो बदमाशों को जमीन पर पटक लिया. हालांकि, इनका तीसरा साथी मौके से भाग निकला. पकड़े गए बदमाशों की पहचान नदीम (निवासी दतिया, मध्य प्रदेश) और दीपक उर्फ संजय जाटव (निवासी ग्वालियर) के रूप में हुई है.
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस की पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने ही उमा वर्मा के सूने मकान को निशाना बनाया था. तलाशी के दौरान इनके पास से न सिर्फ चोरी के गहने मिले, बल्कि लक्ष्मी-गणेश की चांदी की मूर्ति, मोबाइल फोन और 6 हजार रुपये नकद भी बरामद हुए. इसके अलावा, पुलिस ने इनके पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल इन्होंने पुलिस पर हमला करने के लिए किया था.
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि पकड़े गए आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य लग रहे हैं, जो मध्य प्रदेश से आकर झांसी में वारदातों को अंजाम देते थे. फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है और उम्मीद है कि जल्द ही उसे भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा. शहर में इस मुठभेड़ और गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.
ये भी पढ़ें: चुनाव से पहले पुजारियों-मुअज्जिनों को भत्ता क्यों? खंडेलवाल ने ममता बनर्जी की मंशा पर उठाया सवाल
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

