Lucknow Ludo Dispute Murder
Lucknow Ludo Dispute Murder: लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया पुल के नीचे शनिवार की ढलती शाम में माहौल रोज जैसा ही था. दोस्तों की टोली बैठी थी, बिसात बिछी थी और हंसी-ठिठोली के साथ लूडो का खेल चल रहा था. लेकिन किसी ने सोचा भी नहीं था कि गोटियों की यह चाल किसी की जिंदगी का आखिरी खेल बन जाएगी. 32 वर्षीय राहुल उर्फ अभिषेक अवस्थी की बेदर्दी से हत्या कर दी गई.
लूडो की चाल और खूनी तकरार
पुरनिया पुल के नीचे लूडो के बोर्ड पर हर चाल के साथ दांव बढ़ रहा था. इसी दौरान एक चाल को लेकर दोस्तों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते हंसी-मजाक का माहौल तीखी नोकझोंक में बदल गया. राहुल को अंदाजा भी नहीं था कि जिस दोस्त के साथ वह खेल रहा था, वही उसकी जान का दुश्मन बन बैठेगा.
कैंची से ताबड़तोड़ हमले से दहल उठा इलाका
विवाद इतना बढ़ गया कि मुख्य आरोपी प्रदीप सिंह आपा खो बैठा. वह तुरंत पास की एक मालिश की दुकान में गया और वहां से धारदार कैंची उठा लाया. इससे पहले कि राहुल संभल पाता, प्रदीप ने उसके सीने और पेट पर कैंची से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. सीने में गहरी चोट लगते ही राहुल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा. चीख-पुकार के बीच आरोपी प्रदीप और उसके साथी वारदात को अंजाम देकर मौके से रफूचक्कर हो गए.
ऑटो से अस्पताल और डॉक्टरों की घोषणा
घटना के तुरंत बाद एक स्थानीय दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी. खबर मिलते ही रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और तड़पते हुए राहुल को ऑटो में लादकर अस्पताल की ओर भागे. प्राथमिक इलाज के बाद परिजन उसे गंभीर अवस्था में केजीएमयू (KGMU) ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. डॉक्टरों ने जांच के बाद राहुल को मृत घोषित कर दिया.
परिजनों का गुस्सा और पुलिस की कार्रवाई
राहुल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने पुलिस पर समय से अस्पताल न पहुंचाने और लापरवाही बरतने का गंभीर आरोप लगाया. हालांकि, पुलिस का कहना है कि घायल राहुल को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए भिजवाया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और मुख्य आरोपी प्रदीप सिंह को हिरासत में ले लिया है.
यह भी पढ़ें: नोएडा की सुपरनोवा बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से शख्स ने लगाई छलांग, शव के चिथड़े उड़ गए
उजड़ गया हंसता-खेलता संसार
करीब 5 साल पहले शादी के बंधन में बंधे राहुल की असमय मौत ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली हैं. राहुल अपने पीछे पत्नी और 4 साल के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं, जिसे शायद अभी यह भी नहीं पता कि उसके सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ चुका है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


