Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ ने स्वच्छ भारत सर्वेक्षण-2024 (Swachh Bharat Survekshan 2024) में देश का तीसरा सबसे स्वच्छ शहर होने का गौरव हासिल किया है. आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन पर हुए समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री एके शर्मा, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल और तत्कालीन नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह को प्रतिष्ठित अवॉर्ड प्रदान किया.
मेयर ने कहा कि लखनऊ ने 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में तीसरा स्थान प्राप्त किया, जो शहरवासियों और प्रशासन की मेहनत का परिणाम है.
स्वच्छता में लखनऊ का शानदार प्रदर्शन
स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में लखनऊ ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, कचरा प्रसंस्करण, डंप साइट निस्तारण, आवासीय और बाजार क्षेत्रों की सफाई, जल निकायों की साफ-सफाई में 100% और सार्वजनिक शौचालयों की सफाई में 93% अंक हासिल किए. गार्बेज फ्री सिटी श्रेणी में लखनऊ को 7-स्टार रेटिंग मिली. पिछले साल 44वें स्थान से इस बार तीसरे स्थान पर पहुंचकर लखनऊ ने 41 अंकों की उल्लेखनीय छलांग लगाई. इस सूची में अहमदाबाद पहले और भोपाल दूसरे स्थान पर रहे.
नगर निगम और जनता की मेहनत रंग लाई
लखनऊ नगर निगम ने कूड़ा प्रबंधन, नियमित सफाई, जनजागरूकता अभियान और डिजिटल निगरानी के जरिए शहर की तस्वीर बदली. मेयर सुषमा खर्कवाल ने रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, नगर विकास मंत्री एके शर्मा और सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना की. उन्होंने कहा, “लखनऊ की जनता और 5 लाख 37 हजार वोटरों का सहयोग इस उपलब्धि की नींव है.”
लखनऊवासियों की जनभागीदारी से सफलता
लखनऊवासियों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी ने इस मुहिम को जन आंदोलन में बदला. घर-घर कूड़ा छंटाई और खुले में कचरा न फेंकने की आदत ने नगर निगम के प्रयासों को बल दिया. नगर निगम के अधिकारियों और पार्षदों ने इसे शुरुआत बताते हुए अगले सर्वेक्षण में लखनऊ को देश का सबसे स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य रखा है.
लखनऊ नगर निगम अब और सख्ती से स्वच्छता अभियान चलाएगा. डिजिटल निगरानी, नई तकनीकों का उपयोग और जनसहभागिता को बढ़ाकर शहर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने की तैयारी है. यह उपलब्धि न केवल लखनऊ की छवि को निखारती है, बल्कि प्रशासन की जवाबदेही और शहरवासियों के सामूहिक प्रयासों का भी प्रतीक है.
यह भी पढ़िए: CM योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री व राज्यमंत्री ने यहां किया निरीक्षण
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


