Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

आम महोत्सव-2025 का शुभारंभ करेंगे CM योगी, इसमें 600 से ज्‍यादा किस्मों के आम पेश किए जाएंगे, उद्यान मंत्री ने किया दशहरी गांव का दौरा

उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने मलिहाबाद में दशहरी गांव का दौरा किया. उन्होंने कहा कि मलिहाबाद का आम देश-दुनिया में सम्मान बढ़ा रहा है. 4 जुलाई से लखनऊ में आम महोत्सव-2025 होगा, जिसमें 600+ किस्में प्रदर्शित होंगी.

mango production in india
Vijay Ram Edited by Vijay Ram

उत्‍तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को लखनऊ के मलिहाबाद क्षेत्र का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने विश्वप्रसिद्ध दशहरी आम की उत्पत्ति स्थल दशहरी गांव पहुंचकर वहां के ऐतिहासिक आम के वृक्ष के दर्शन किए.

उद्यान मंत्री ने कहा- मुझे गर्व है कि मलिहाबाद का आम, विशेषकर दशहरी किस्म, हमारे देश की एक विशिष्ट पहचान बन चुका है यह आम दशहरी गांव से निकलकर आज अमेरिका, लंदन,दुबई जैसे देशों में हमारी भारतीय कृषि परंपरा का प्रतिनिधित्व कर रहा है. इसने न केवल उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे देश का सम्मान बढ़ाया है.

उद्यान मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आम के संरक्षण,संवर्धन एवं विपणन को बढ़ावा देने के लिए 4 जुलाई से तीन दिवसीय वृहद आम महोत्सव-2025 का आयोजन अवध शिल्पग्राम, लखनऊ में किया जा रहा है, जिसमें 600 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए जाएंगे.

इस महोत्सव का उद्देश्य आम उत्पादकों, निर्यातकों, विक्रेताओं, बागबानों, वैज्ञानिकों तथा आम प्रेमियों को एक साझा मंच प्रदान करना है, जहां तकनीकी सत्रों, गोष्ठियों एवं प्रदर्शनियों के माध्यम से आम के उत्पादन, प्रोसेसिंग, सेल्फ लाइफ बढ़ाने, ब्रांडिंग व निर्यात की नवीनतम जानकारियां साझा की जाएंगी.

उद्यान मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के किसानों की आय दुगुनी करने के संकल्प को साकार करने हेतु उत्तर प्रदेश सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है और यह आम महोत्सव उसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है.

4 जुलाई को आम महोत्सव का शुभारंभ होगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 जुलाई को आम महोत्सव का शुभारंभ करेंगे और इस अवसर पर अमेरिका, लंदन व दुबई जैसे देशों के लिए आम निर्यात को हरी झंडी दिखाएंगे, इससे आम उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने में सहायता मिलेगी,आम महोत्सव के दौरान लोकप्रिय लोकगायक पवन सिंह तथा प्रसिद्ध कवि कुमार विश्वास अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे,जिससे आम जनमानस की सहभागिता भी सुनिश्चित होगी.

उन्होंने सभी आम उत्पादकों, बागबानों, विक्रेताओं व निर्यातकों से अपील की कि वे इस महोत्सव में अवश्य भाग लें और आम के बेहतर प्रबंधन, विपणन और वैज्ञानिक तकनीकों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि करें. उन्होंने औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र, मलिहाबाद, लखनऊ का निरीक्षण भी किया. साथ ही, वहां लगे आम के विभिन्न किस्मों अंबिका, अरुनिका, पूसा श्रेष्ठ, पूसा लालिमा, पूसा पीतांबर, पूसा सूर्या, सेंसेशन, टामी एटकिंस आदि के पेड़ों का अवलोकन किया एवं एक पेड़ मां के नाम अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण भी किया.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital

Latest