Bharat Express DD Free Dish

Reel ने पहुंचाया हवालात! रेल की पटरी पर कर रहा था शूट; अब लोगों से की खास अपील

Mau Viral Reel: मऊ में अजय राजभर नामक युवक ने ट्रेन की पटरी पर लेटकर खतरनाक रील बनाई. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.

Mau Viral Reel: मऊ जिले से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है. यहां एक युवक अजय राजभर ने सोशल मीडिया पर लाइक्स और फॉलोअर्स पाने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी. युवक रेल की पटरियों के बीच लेट गया और सामने से तेज रफ्तार ट्रेन का इंतजार करने लगा. ट्रेन उसके ऊपर से गुजर गई और यह खतरनाक स्टंट उसके मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गया. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हथकड़ी लगाकर जेल भेज दिया.

“स्टंट कोई कॉपी न करे”

वीडियो के अंत में युवक ने कहा कि इस तरह का स्टंट कोई कॉपी न करे. उसने दावा किया कि यह सिर्फ दिखाने के लिए बनाया गया है. युवक का नाम अजय बताया जा रहा है, जिसने 6 नवंबर को अपने पेज पर यह वीडियो अपलोड किया था. ट्रेन गुजरने के बाद वह उठकर कैमरे की ओर देखता है और लोगों से लाइक व फॉलो करने की अपील करता है.

ई-रिक्शा में किया था प्रैंक

अजय राजभर के अन्य वीडियो भी सोशल मीडिया पर मौजूद हैं. एक वीडियो में वह सफेद कपड़े में लिपटी लाश जैसी चीज को झाड़ियों से निकालकर ई-रिक्शा में रखने की कोशिश करता है. इसे देखकर रिक्शे में बैठे लोग डरकर भाग जाते हैं. इस तरह के कई प्रैंक वीडियो उसने बनाए हैं, जो अब वायरल हो रहे हैं.

ये भी पढ़ें-बंगाल में पक रही है ‘सियासी खिचड़ी’! पीएम मोदी से मिले अधीर रंजन, मीडिया से क्या बताया?

पुलिस करेगी कार्रवाई

पुलिस ने कहा कि इस तरह का स्टंट बेहद खतरनाक है और किसी भी हादसे का कारण बन सकता है. मामला शहर कोतवाली थाना क्षेत्र का है और युवक पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने लोगों को चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स पाने के लिए जान से खेलना खतरनाक साबित हो सकता है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read