Bharat Express DD Free Dish

क्या मेरठ में फिर लौटा ‘जहरीली शराब’ का कहर? 3 लोगों की मौत से हड़कंप, अस्पताल में बवाल के बीच मौके पर पहुंचे DM-SSP

मेरठ के दौराला में शराब पीने के बाद 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर बनी हुई है. घटना के बाद अवैध शराब को लेकर पुलिस पर सवाल उठे, प्रशासन जांच और छापेमारी में जुटा…

Edited by Rohit Agrawal

Meerut liquor tragedy Daurala deaths: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के दौराला कस्बे में संदिग्ध परिस्थितियों में शराब पीने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे हैं. इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है. सूचना मिलते ही डीएम वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे और एडीजी भानू भास्कर भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालांकि पुलिस और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बयानों में विरोधाभास ने मामले (Meerut Daurala Incident) को और गर्मा दिया है.

स्पेलर पर जमी थी महफिल

जानकारी के मुताबिक, दौराला निवासी जितेंद्र, दौलत और बाबूराम देर शाम एक तेल के स्पेलर (कोल्हू) पर बैठकर शराब पी रहे थे. शराब पीने के कुछ ही देर बाद तीनों को उल्टियां होने लगीं और वे बेहोश होकर गिर पड़े. आनन-फानन में परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया. दो अन्य साथियों की हालत भी नाजुक बनी हुई है, जिन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है.

क्या पुलिस की शह पर बिक रही कच्ची शराब?

घटनास्थल (Meerut Daurala Incident) पर पहुंचे दौराला के चेयरमैन वीरेंद्र ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि सरधना रोड पर लंबे समय से अवैध रूप से कच्ची और जहरीली शराब बनाने का धंधा फल-फूल रहा है. चेयरमैन का दावा है कि पुलिस की अनदेखी की वजह से यह मौतें हुई हैं और पहले भी इस इलाके में ऐसे कांड हो चुके हैं. ग्रामीणों ने भी अस्पताल पहुंचे थाना प्रभारी का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और इलाके में बिक रही अवैध शराब पर लगाम लगाने की मांग की.

यह भी पढ़ें: नासिक में आधी रात को पसरा मातम! दिंडोरी के कुएं में समा गई कार, एक ही परिवार के 9 लोगों की दर्दनाक मौत

डीएम और एसएसपी के बयानों में ‘पेच’

मामले की गंभीरता को देखते हुए मेरठ के डीएम वीके सिंह ने बताया कि आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त टीमें स्पेलर और आसपास के इलाकों की जांच कर रही हैं. मौत के असली कारणों का पता लगाने के लिए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

वहीं, एसएसपी अविनाश पांडे ने शुरुआती जांच के बाद शराब से मौत होने की संभावना से फिलहाल इनकार किया है, जिससे मामला और उलझ गया है. एडीजी भानू भास्कर खुद घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाने के निर्देश दे रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read