रिपोर्टर- हरीश
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में 13 फरवरी को प्रस्तावित एक लव मैरिज विवाह को लेकर सियासी और सामाजिक घमासान मच गया है. आकांक्षा गौतम और शहवाज राणा उर्फ साहिल की शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया है.
आकांक्षा गौतम हिंदू समुदाय से हैं, जबकि शहवाज राणा मुस्लिम हैं. इसी को आधार बनाकर कई हिंदू संगठनों ने इस विवाह को कथित “लव जिहाद” का मामला बताते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया है.
हिंदू संगठन ने CM योगी से की मांग
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने इस शादी पर खुलकर आपत्ति जताई है. उन्होंने दावा किया है कि यह विवाह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है और किसी भी कीमत पर इसे होने नहीं दिया जाएगा. सचिन सिरोही ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस पूरे मामले का संज्ञान लेने, शादी रुकवाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है.
सादी का कार्ड हुआ वायरल
सचिन सिरोही का आरोप है कि मुस्लिम युवक ने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की है. उनके अनुसार, वलीमे के कार्ड पर युवक का नाम “शहवाज राणा” लिखा गया है, जबकि शादी के कार्ड पर उसने अपना नाम “साहिल” लिखवाया है. उनका कहना है कि नाम बदलकर शादी करने की यह कोशिश इस बात का संकेत है कि मामला लव जिहाद से जुड़ा हुआ है. हिंदू संगठनों का दावा है कि इस तरह के मामलों में हिंदू लड़कियों को गुमराह किया जाता है.
वहीं, सोशल मीडिया पर इस विवाह को लेकर तरह-तरह के दावे और प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बनता जा रहा है. वायरल पोस्ट और वीडियो के चलते मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है. स्थिति को देखते हुए पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गए हैं.
ये भी पढ़ें: दरभंगा में दरिंदगी: 6 साल की बच्ची से रेप के बाद हत्या, आरोपी गिरफ्तार, इलाके में भारी बवाल
पुलिस ने निगरानी बढ़ाई
पुलिस ने पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर भी नजर रखी जा रही है. हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस पूरे मामले पर किसी वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.
फिलहाल, आकांक्षा गौतम और शहवाज राणा की शादी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है और आने वाले दिनों में इस पर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर क्या रुख अपनाया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



