Bharat Express DD Free Dish

UP: राह चलते युवक ने साड़ी शोरूम के दुपट्टों में लगाई आग, CCTV फुटेज में कैद हुई घटना, आपने देखा क्या VIDEO?

Meerut Mawana saree showroom fire CCTV minor arrested: मेरठ के मवाना में कृष्णा साड़ी शोरूम के बाहर दुपट्टों में आग लगाने वाले आरोपी नाबालिग को CCTV फुटेज के आधार पर पकड़ा गया. पुलिस ने FIR दर्ज की.

meerut-mawama-minor-sets-fire

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के मवाना कस्बे में एक साड़ी शोरूम के बाहर टंगे दुपट्टों में आग लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यह घटना 12 नवंबर को दोपहर करीब 1:15 बजे हनुमान मंदिर के पास स्थित ‘कृष्णा साड़ी शोरूम’ के बाहर घटित हुई. आरोप है कि एक नाबालिग युवक ने लाइटर की मदद से शोरूम के बाहर डिस्प्ले के लिए रखे दुपट्टों में आग लगा दी और मौके से फरार होने की कोशिश की. हालांकि, शोरूम संचालक और आसपास मौजूद दुकानदारों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बाजार में एक बड़ा अग्निकांड टल गया.

CCTV फुटेज से हुई पहचान, मदरसे के पास से पकड़ा आरोपी

शोरूम संचालक की शिकायत के अनुसार, दोपहर के समय आरोपी ने जानबूझकर दुपट्टों को आग के हवाले किया. आग की लपटें उठते ही बाजार में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने तुरंत पानी और अन्य साधनों से आग बुझाई, हालांकि इस दौरान आग बुझाने की कोशिश में एक व्यक्ति का हाथ मामूली रूप से झुलस गया. घटना के बाद शोरूम और आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी युवक लाइटर से आग लगाते हुए स्पष्ट रूप से दिखाई दिया. फुटेज के आधार पर स्थानीय लोगों और पुलिस ने आरोपी की पहचान करते हुए उसे इस्लामिया मदरसे के पास से पकड़ लिया.

मुकदमा दर्ज, जांच में जुटी पुलिस: सीओ पंकज लवानिया

शोरूम संचालक की तहरीर पर मवाना थाने में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है. मामले पर जानकारी देते हुए मवाना के क्षेत्राधिकारी (CO) पंकज लवानिया ने बताया कि सीसीटीवी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध नाबालिग को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसने किस मकसद से इस घटना को अंजाम दिया और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read