Urdu Conclave 2026

चोरी से पहले देखते थे रील; मेरठ में पति-पत्नी समेत तीन शातिर चोरों का भांडाफोड़, हुए गिरफ्तार

मेरठ की नौचंदी पुलिस ने बंद मकानों में चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पति-पत्नी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह सोशल मीडिया पर लोगों की रील और पोस्ट देखकर बंद घरों को निशाना बनाता था.

Meerut Police Arrest Thieves Who Tracked Closed Houses Via Social Media
Edited by Vaibhav Gupta

Meerut News: अगर आप भी कहीं घूमने जाने से पहले फेसबुक या इंस्टाग्राम पर ‘चेक-इन’ स्टेटस डालते हैं या व्हाट्सएप पर रील शेयर करते हैं, तो अब बेहद सावधान हो जाइए. मेरठ की नौचंदी थाना पुलिस ने एक ऐसे हाईटेक और शातिर चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो लोगों की सोशल मीडिया पोस्ट देखकर उनके बंद मकानों में चोरी करता था. पुलिस ने इस मामले में एक पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से लाखों रुपये के सोने के आभूषण और दो लाख रुपये कैश बरामद हुए हैं.

सोशल मीडिया पर रखते थे नजर

मेरठ के एसपी सिटी विनायक गोपाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 21 जून को नौचंदी के शास्त्रीनगर निवासी राजकुमार खुराना के बंद मकान में लाखों की चोरी हुई थी. पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों का जाल बिछाया, तो इस गिरोह का नाम सामने आया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नजाकत, उसकी पत्नी अकीला खातून और उनके साथी सलीम के रूप में हुई है.

पूछताछ में इन चोरों ने जो तरीका बताया, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए. आरोपियों ने कबूला कि वे सोशल मीडिया पर लोगों की रील और फोटो ट्रैक करते थे. जैसे ही किसी रील या पोस्ट से पता चलता था कि फलां परिवार घर पर ताला लगाकर छुट्टियां मनाने शहर से बाहर गया है, ये तुरंत उस बंद मकान की रेकी करते और रात में धावा बोल देते थे.

लाखों के जेवर और कैश बरामद

पुलिस ने पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर चोरी की गई सोने की चेन, मंगलसूत्र, टॉप्स, अंगूठियां और दो लाख रुपये नगद बरामद कर लिए हैं. एसपी सिटी के मुताबिक, इन तीनों का पुराना आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है ताकि पता चल सके कि इन्होंने मेरठ और आसपास के जिलों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है. फिलहाल तीनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है.

ये भी पढ़ें: ‘बंटवारे में झगड़े से खुली पोल’, राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी पर सपा का आरोप, चंपत राय पर साधा निशाना

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read