Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

घर में मिला खून से लथपथ शव, पति सुनाता रहा झूठी कहानी; मेरठ पुलिस ने ऐसे बेनकाब किया ‘कातिल शौहर’

मेरठ के लिसाड़ीगेट क्षेत्र में पत्नी कौसर की हत्या के मामले ने सबको हिला दिया है. शुरुआत में यह वारदात किसी अज्ञात हमलावर की लग रही थी, लेकिन पुलिस जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया है.

उत्तर प्रदेश के मेरठ से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के मजीद नगर में एक महिला कौसर की उसके ही घर के अंदर बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. शुरुआत में मामला किसी अज्ञात हमलावर की करतूत लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच ने जो सच उजागर किया, उसने सबको हैरान कर दिया.

घटना आज (शुक्रवार) को उस वक्त सामने आई जब घर के एक कमरे में कौसर का शव खून से लथपथ हालत में मिला. बताया गया कि महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ घर में मौजूद थी. सुबह करीब साढ़े छह बजे जब यह घटना सामने आई तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. शुरुआत में किसी ने अंदेशा लगाया कि किसी बाहरी व्यक्ति ने घर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया है.

पति की कहानी और बढ़ता शक

घटना के वक्त महिला का पति साकिब घर पर मौजूद नहीं था. वह बाहर काम करता है और परिवार की जिम्मेदारी संभालता था. लेकिन जैसे-जैसे पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई, साकिब के बयानों में लगातार बदलाव दिखने लगा. उसने परिवार और पुलिस दोनों को अलग-अलग कहानियां सुनाईं, जिससे शक गहराता गया.

उसने अपनी बेटियों को भी यह कहकर गुमराह किया कि उनकी मां की हत्या किसी अज्ञात व्यक्ति ने की है. वह खुद भी रोने का नाटक करता रहा ताकि किसी को उस पर शक ना हो, लेकिन उसकी हरकतें पुलिस की नजर से बच नहीं सकीं.

पूछताछ में खुला पूरा सच

पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो साकिब टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. सामने आया कि उसका किसी अन्य महिला से अवैध संबंध था, जिसका उसकी पत्नी कौसर विरोध करती थी. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते थे. गुस्से और तनाव में आकर उसने घर में मौजूद इलेक्ट्रॉनिक पेपर कटर से पत्नी की हत्या कर दी.

मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

इस घटना ने सबसे ज्यादा दर्दनाक स्थिति उन तीन मासूम बच्चियों के लिए पैदा कर दी है, जिनकी मां अब इस दुनिया में नहीं है और पिता जेल पहुंच चुका है. अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन बच्चों की परवरिश कौन करेगा.

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में इस पूरे मामले का खुलासा कर दिया. आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया पेपर कटर भी बरामद कर लिया गया है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में ही शक पति पर गया था, जो बाद में सही साबित हुआ.

ये भी पढ़ें: सपा दफ्तर पर चला ‘बाबा’ का बुलडोजर! 250 मकान जद में, जानें मुगलसराय की सड़कों पर क्यों मची खलबली?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital