Bharat Express DD Free Dish

मोहर्रम जुलूस के दौरान ढका गया शिव चौक, जानिए क्या थी प्रशासन की रणनीति?

Muzaffarnagar Muharram procession: मुजफ्फरनगर में मोहर्रम के सातवें दिन निकले जुलूस को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा और शिव चौक पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई. संवेदनशील माने जाने वाले शिव चौक को लाल कपड़े से कवर कर बैरिकेडिंग की गई, जबकि भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ.

Muzaffarnagar Muharram procession

Muzaffarnagar Muharram procession

Muzaffarnagar Muharram procession: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में मंगलवार रात मोहर्रम के सातवें दिन का पारंपरिक जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में निकाला गया. जुलूस नगर के मोती महल क्षेत्र से शुरू होकर खालापार और शिव चौक से गुजरते हुए अपने निर्धारित मार्ग पर आगे बढ़ा. जुलूस में मुस्लिम समाज के सैकड़ों लोगों ने हिस्सा लिया और धार्मिक परंपराओं का पालन करते हुए कार्यक्रम संपन्न किया.

 मोहर्रम जुलूस के लिए शिव चौक को लपेटा लाल कपड़े से

मोहर्रम जुलूस को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. खास तौर पर नगर के प्रमुख और अति संवेदनशील माने जाने वाले शिव चौक पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई. किसी भी प्रकार की घटना या अफवाह को रोकने के लिए शिव चौक को लाल कपड़े से कवर कराया गया .इसके अलावा पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर सुरक्षा घेरा बनाया गया और यातायात व्यवस्था को भी बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए.

ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से जुलूस पर रखी गई निगरानी

जुलूस के दौरान पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने खुद सड़क पर उतरकर मोर्चा संभाला. वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पूरे मार्ग की निगरानी की गई और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी गई. पुलिस अधिकारियों ने जुलूस के दौरान ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके.

यह भी पढ़ें: मालवीय नगर, लखनऊ…अब दिल्ली के उद्योग भवन के पास धू-धू कर जलीं झुग्गियां, कब तक सिस्टम की भेंट चढ़ती रहेंगी मासूम जिंदगियां?

जुलूस के लिए भारी पुलिस बल किया गया तैनात

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) सिद्धार्थ के मिश्रा ने बताया कि मोहर्रम के सातवें दिन निकलने वाला यह जुलूस शहर के प्रमुख जुलूसों में से एक है, जो मोती महल से शुरू होकर खालापार होते हुए वापस अपने गंतव्य तक पहुंचता है. उन्होंने कहा कि सभी समुदायों की भावनाओं का सम्मान करते हुए और जुलूस को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था. एएसपी ने बताया कि शिव चौक पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था के तहत कपड़ा लगाया गया, बैरिकेडिंग की गई और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई. उन्होंने कहा कि सभी की आस्था और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जुलूस को सकुशल संपन्न कराया गया. प्रशासन अब आगामी मोहर्रम जुलूसों और कार्यक्रमों की तैयारियों में जुट गया है.

भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read