निक्की हत्याकांड अपडेट
Nikki Murder Case Noida: ग्रेटर नोएडा में दहेज की आग में झुलसकर जान गंवाने वाली 26 वर्षीय निक्की भाटी को न्याय दिलाने के लिए पुलिस और प्रशासन तेजी से काम कर रहा है. पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए निक्की के ससुर- सतवीर, सास- दया और जेठ रोहित को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने भी हस्तक्षेप करते हुए पुलिस से सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की थी, जिसके बाद यह कार्रवाई हुई.
पुलिस ने की आरोपियों की गिरफ्तारियां
- पुलिस ने निक्की की सास दया और पति विपिन को 24 अगस्त रविवार को गिरफ्तार किया था.
- 25 अगस्त को उसके जेठ रोहित और ससुर सतवीर को गिरफ्तार किया गया था.
- निक्की हत्याकांड में यही 4 आरोपी हैं.
- पति विपिन का अस्पताल में इलाज चल रहा है. उसकी रिकवरी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा.
NCW ने की मांग
इससे पहले राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने ग्रेटर नोएडा में 26 वर्षीय निक्की भाटी की कथित तौर पर दहेज के लिए हत्या (Nikki Murder Case) किए जाने की खबरों का गंभीर संज्ञान लेते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस से सभी आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है. NCW ने जारी किया बयान. आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने रविवार को जारी एक बयान में बताया कि उन्होंने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र लिखकर निर्देश दिया है कि इस मामले में प्रासंगिक धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए और निष्पक्ष व समयबद्ध जांच सुनिश्चित की जाए.
ये भी पढ़ें: ‘मुझे कोई पछतावा नहीं’, एनकाउंटर के बाद भी नहीं उतरी विपिन भाटी की हैकड़ी
निक्की की बहन ने क्या बताया?
कासना थाने में 22 अगस्त को दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, निक्की को कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया गया. निक्की की बड़ी बहन कंचन आरोपी रोहित की पत्नी है. उसने घटना के वीडियो बनाए, जिनमें निक्की को बालों से घसीटते हुए और फिर आग की लपटों में घिरी हुई देखा जा सकता है. ये वीडियो सोशल मीडिया पर भी आए हैं. पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से जल चुकी निक्की को दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया जा रहा था, जहां रास्ते में उसने दम तोड़ दिया.
परिजनों का आरोप क्या है?
निक्की के परिजनों का आरोप है कि 2016 में शादी के बाद से ही उसे लगातार दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था. परिवार के अनुसार, उन्होंने पहले ही एक स्कॉर्पियो एसयूवी, मोटरसाइकिल और सोने के गहने दिए थे, लेकिन ससुराल वालों ने बाद में 36 लाख रुपये नकद और एक लग्ज़री कार की मांग रखी.
ये भी पढ़ें: निक्की हत्याकांड में पति का एनकाउंटर, सास गिरफ्तार और बच्चे का बयान
परिवार को न्याय की उम्मीद
निक्की हत्याकांड (Nikki Murder Case Greater Noida) एक बार फिर समाज में दहेज की भयावहता को उजागर करता है. इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई और परिवार के तीन अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी से यह साफ हो गया है कि यह केवल एक व्यक्ति का अपराध नहीं था, बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. यह घटना निक्की की बहन की बहादुरी और उसके वायरल वीडियो के कारण सुर्खियों में आई, जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया. अब जब तीनों आरोपियों को रिमांड पर भेजा गया है. उम्मीद है निक्की के परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिलेगा.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

