नोएडा के थाना 24 क्षेत्र के चौड़ा गांव में एक युवक की हत्या का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान आयुष शुक्ला के रूप में हुई है. आरोप है कि असद नाम के युवक ने जन्मदिन की पार्टी देने की बात कहकर आयुष को घर से बाहर बुलाया और इसके बाद चाकू से हमला कर उसकी जान ले ली.
परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले असद आयुष के घर पहुंचा था. आयुष की मां ने बताया कि असद ने उनसे कहा था कि वह खाना बनाकर रखें, वह सिर्फ दो मिनट में आयुष के साथ वापस आ जाएगा. परिवार को उस वक्त इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उनका बेटा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटेगा.
दोस्तों के सामने हत्या की बात कहने का दावा
मामले में सामने आई जानकारी के अनुसार, हत्या के बाद असद ने कथित तौर पर अपने दोस्तों को बताया कि उसने आयुष को मार दिया है. आरोप है कि उसने आयुष पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में मातम पसर गया.
आयुष की मां का रो-रोकर बुरा हाल है. बेटे की मौत की खबर ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है. मां के मुताबिक, कुछ देर पहले तक आयुष घर पर था और फिर असद के साथ बाहर चला गया था. उन्हें उम्मीद थी कि बेटा थोड़ी देर में वापस आ जाएगा, लेकिन उसके बाद जो खबर मिली, उसने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया.
पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने आरोपी असद की तलाश के लिए टीमें गठित की हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश देने की कोशिश की जा रही है.
फिलहाल पुलिस घटना के पीछे की वजह, हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी. वहीं, परिवार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहा है.
यह भी पढ़ें: ‘साहब, स्कूल जाने में…’ महोबा के बच्चों ने डीएम के दरबार में लगाई बदहाल सड़क की गुहार
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

