Bharat Express DD Free Dish

दिवाली से पहले जगमगाएगा ग्रेटर नोएडा वेस्ट, टलेगा हादसों का खतरा

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण दिवाली से पहले 6.46 करोड़ रुपये की लागत से नोएडा एक्सटेंशन की प्रमुख सड़कों पर नई डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइटें लगाने जा रहा है.

Noida Extension Street Light Project Greater Noida West Diwali Gift

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सड़कों पर रात के समय सफर करने वाले लाखों लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है. शहर के प्रमुख मार्गों और कनेक्टिंग रास्तों पर लंबे समय से छाए अंधेरे को दूर करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने कमर कस ली है.

आगामी दिवाली के त्योहार से पहले ही इन सड़कों को जगमगाने की पूरी तैयारी की जा चुकी है, जिससे न सिर्फ रात का सफर सुरक्षित होगा, बल्कि शहर का नजारा भी बदला-बदला नजर आएगा.

6.46 करोड़ की लागत से लगेंगे डेकोरेटिव पोल

प्राधिकरण ने शहर के तीन प्रमुख रूटों और एंट्री प्वाइंट्स को रोशन करने के लिए करीब 6.46 करोड़ रुपये की एक महत्वाकांक्षी योजना तैयार की है. इस बजट से सिर्फ साधारण लाइटें ही नहीं, बल्कि आधुनिक और डेकोरेटिव स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी.

योजना के मुताबिक, कुलेसरा हिंडन ब्रिज एंट्री प्वाइंट से हल्दौनी मोड़ तक के 1.5 किलोमीटर लंबे हिस्से में 108 पोल लगाए जाएंगे. वहीं, गैलेक्सी वेगा रोटरी से गौर सिटी अंडरपास और खैरपुर रोटरी से राजेश पायलट रोटरी के 4 किलोमीटर लंबे व्यस्त मार्ग पर 217 पोल स्थापित होंगे.

चार मूर्ति से एक मूर्ति तक बढ़ेगी शहर की खूबसूरती

इसके अलावा, ग्रेटर नोएडा एक्सटेंशन की लाइफलाइन माने जाने वाले चार मूर्ति चौक से एक मूर्ति रोटरी तक की 130 मीटर चौड़ी मुख्य सड़क को भी इस प्रोजेक्ट में शामिल किया गया है. यहां आकर्षक कोनिकल आर्च पोल लगाए जाएंगे, जो सड़क को पर्याप्त रोशनी देने के साथ-साथ एक बेहद प्रीमियम और ब्यूटीफुल लुक भी प्रदान करेंगे.

स्थानीय निवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

दरअसल, ग्रेटर नोएडा वेस्ट में पिछले काफी समय से वाहन चालक और स्थानीय निवासी सड़कों पर स्ट्रीट लाइटें न जलने या अंधेरा रहने की शिकायत कर रहे थे. अब प्राधिकरण की इस पहल से दिवाली से पहले ही निवासियों की यह शिकायत दूर हो जाएगी और रात में हादसों की आशंका भी काफी कम हो जाएगी.

यह भी पढ़ें: प्यार में धोखा मिला तो बन गए बलिया के ‘बेवफा चायवाले’, दीवाने हुए अफसर और नेता

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read