Bharat Express DD Free Dish

यात्रियों के लिए खुशखबरी! नोएडा एयरपोर्ट पर घटे फ्लाइट के दाम, दिल्ली से भी सस्ती मिलेगी टिकट?

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से यात्रा करना अब सस्ता हो गया है. जेवर विधायक की पहल पर इंडिगो और अकासा एयर ने टिकटों के दाम घटा दिए हैं. साथ ही, घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगने वाले UDF शुल्क को भी 50% से अधिक कम कर दिया गया है.

Good News for Travelers Flight Tickets get Cheaper at Noida International Airport

अगर आप भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Noida International Airport) से पहली उड़ान भरने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो आपके लिए एक शानदार खबर है. अब जेवर से हवाई सफर करना न केवल आसान होगा, बल्कि आपकी जेब के लिए भी काफी ‘किफायती’ रहने वाला है. दरअसल, एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाली फ्लाइट्स के किराए में बड़ी कटौती की गई है, जिससे अब यहां की टिकटें दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट के मुकाबले ज्यादा सस्ती या उसके बराबर हो गई हैं.

ये बड़ी राहत जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह की उस पहल के बाद मिली है, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर टिकटों के दाम कम करने की मांग की थी.

इंडिगो और अकासा एयर ने घटाए दाम

हवाई कंपनियों ने अपनी फ्लाइट्स के किराए में जबरदस्त डिस्काउंट दिया है. अगर आप ग्रेटर नोएडा से लखनऊ जाने की सोच रहे हैं, तो इंडिगो (IndiGo) ने इसका किराया 4,881 रुपये से घटाकर अब मात्र 3,394 रुपये कर दिया है. वहीं, बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए भी खुशखबरी है. अकासा एयर (Akasa Air) ने ग्रेटर नोएडा से बेंगलुरु का टिकट 8,532 रुपये से कम करके सीधे 6,500 रुपये पर ला दिया है.

UDF शुल्क में भी आधी से ज्यादा की कटौती

किराए के साथ-साथ एयरपोर्ट पर लगने वाले यूजर डेवलपमेंट फीस (UDF) में भी भारी कमी की गई है. पहले हवाई अड्डा नियामक प्राधिकरण (AERA) ने जेवर एयरपोर्ट के लिए घरेलू यात्रियों पर 490 रुपये और इंटरनेशनल यात्रियों पर 980 रुपये का शुल्क तय किया था.

लेकिन अब नई दरों के मुताबिक, घरेलू उड़ानों के लिए ये चार्ज घटाकर 210 रुपये और इंटरनेशनल फ्लाइट्स के लिए 420 रुपये कर दिया गया है. शुल्क में इस कटौती का सीधा फायदा यात्रियों को मिलने वाली सस्ती टिकटों के रूप में होगा.

क्यों अहम है ये फैसला?

शुरुआत में ऐसी खबरें आ रही थीं कि जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरना दिल्ली के मुकाबले महंगा पड़ सकता है. इसी चिंता को देखते हुए विधायक धीरेंद्र सिंह ने मोर्चा संभाला और केंद्र व राज्य सरकार को अवगत कराया कि अगर जेवर एयरपोर्ट को सफल बनाना है, तो किराए को प्रतिस्पर्धी रखना होगा. इस फैसले के बाद अब एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए नोएडा एयरपोर्ट हवाई सफर का पहला और सबसे पसंदीदा विकल्प बनने को तैयार है.

ये भी पढ़ें: म्यूचुअल फ्रेंड के जरिए हुई दोस्ती, ई-मेल पर किया प्रपोज; फिर शादी और तलाक, पढ़ें प्रतीक और अपर्णा की लव स्टोरी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read