Noida Worker Protest Updates
Noida Worker Protest Updates: उत्तर प्रदेश के नोएडा में कर्मचारियों के प्रदर्शन और हिंसा की घटनाओं को लेकर नोएडा प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है. पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ऐलान किया है कि इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए नया पुलिस सिस्टम तैयार किया जाएगा. नोएडा पुलिस कमिश्नर की तरफ से उठाये गए इस कदम को औद्योगिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया जा रहा है.
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के मुताबिक इस नए पुलिस सिस्टम का करीब 15 हजार औद्योगिक इकाइयों पर फोकस रहेगा. इस सिस्टम की मदद से प्रशासन, श्रमिक और कंपनियां सीधे तौर पर जुड़ जाएंगी.
सैलरी बढ़ाने को लेकर हुआ था हिंसक प्रदर्शन
बता दें कि, करीब दो हफ्ता पहले नोएडा में सैलरी बढ़ाने और बढ़ते खर्चे को लेकर कर्मचारियों ने जमकर प्रदर्शन किया था. कर्मचारियों की मांग थी कि उनकी सैलरी 20 हजार रुपये तक बढ़ाई जाए. क्योंकि उन्हें जो इस समय 11 हजार रुपये की सैलरी मिलती है उसमें उनका गुजारा नहीं हो पाता. यह प्रदर्शन धीरे-धीरे हिंसक हो गया. इस दौरान कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया गया. मजदूरों की इस हिंसा को देखते हुए कई औद्योगिक इकाइयों को बंद करना पड़ा था.
मामला बिगड़ता देख प्रशासन हरकत में आया और कड़ाई से इन प्रदर्शनों पर काबू पाया. इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को काबू में लिया गया.
लाखों श्रमिकों से पुलिस कर सकेगी सीधा संवाद
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के मुताबिक इस नए सिस्टम की मदद से पुलिस लाखों श्रमिकों और कंपनियों से सीधा संवाद कर सकेगी. इसके अलावा नोएडा में डीसीपी इंडस्ट्रीज का नया पद सृजित किया गया है.
लक्ष्मी सिंह के मुताबिक इस नए सेल में ACP समेत 25 पुलिसकर्मी तैनात किये जाएंगे. इसका प्रस्ताव साशन को तीन दिनों के अंदर भेज दिया जाएगा.
शिकायतों का जल्द कर दिया जाएगा निपटारा
जानकारी के मुताबिक इस नए पुलिस सेल में उद्योगों से जुड़ी शिकायतों का तुरंत निपटारा किया जाएगा. इस संबंध में SOP तैयार कर नई व्यवस्था को जल्द से जल्द लागू करने की तैयारी कर ली गई है.
ये भी पढ़ें- एक चूक और चुनाव वाले दिन दहल जाता बंगाल!… भांगड़ में मिले 100 बमों ने क्यों याद दिलाया 19 साल पुराना ‘ऑपरेशन सनराइज’?
नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के इस कदम को नोएडा श्रमिक हिंसा के बाद औद्योगिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम बताया जा रहा है.
(समीर आलम की रिपोर्ट पर आधारित)
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

