Bharat Express DD Free Dish

‘अपने गुंडों को संभाल लीजिए’, अखिलेश यादव को ओपी राजभर ने दिया दी खुली चुनौती, बोले- मैदान में आओ

सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने बलिया में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद ‘X’ पर अखिलेश यादव को खुली चुनौती दी है. राजभर ने सपा कार्यकर्ताओं को ‘गुंडा’ बताते हुए कहा है कि गैर-यादव ओबीसी का अपमान बर्दाश्त नहीं होगा.

OP Rajbhar Akhilesh Yadav

उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानों का भयंकर बवंडर उठ गया है. बलिया में सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर (Om Prakash Rajbhar) के खिलाफ हुए भारी विरोध प्रदर्शन ने सियासी पारा गरमा दिया है. अपने खिलाफ लगे ‘मुर्दाबाद’ के नारों और काले झंडों से भड़के राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) पर अब तक का सबसे तीखा और ‘विस्फोटक’ हमला बोला है.

गैर-यादव OBC समाज से नफरत करते हैं सपाई- ओपी राजभर

राजभर ने सीधे अखिलेश यादव को टैग करते हुए लिखा कि मित्र अखिलेश जी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत! बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए.” राजभर ने इस हंगामे के पीछे की वजह बताते हुए सपा पर गंभीर आरोप लगाया कि वे लोग हमेशा से गैर-यादव ओबीसी (Non-Yadav OBC) समाज के प्रति हेय दृष्टि रखते आए हैं. राजभर ने डंके की चोट पर कहा कि उनका सच सपा को पच नहीं रहा है, इसीलिए ये बौखलाहट सामने आ रही है.

काला-हरा दिखा लो… लहराएगा भगवा ही

सपा कार्यकर्ताओं द्वारा दिखाए गए काले कपड़ों और झंडों पर पलटवार करते हुए राजभर ने अपने चिर-परिचित बेबाक अंदाज में कहा, “हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वाले नहीं हैं. रही बात काले कपड़ों की तो हमें काला रंग बहुत पसंद है. आप लोगों को काला, लाल, हरा जो दिखाना है दिखा लें, भगवा फिर भी लहरा के रहेगा.” उन्होंने अखिलेश यादव को लोकतांत्रिक ढंग से मैदान में चुनाव लड़ने की खुली चुनौती भी दे डाली.

ये भी पढ़ें: सतना स्टेशन पर नशेड़ी का तांडव: पटरी पर गिरा, RPF जवान फिर डंडा छीन शुरू की कुटाई; Video Viral

योगी सरकार को गुंडों का इलाज आता है

अपने पोस्ट के आखिरी हिस्से में राजभर ने सीधे तौर पर योगी आदित्यनाथ के ‘बुलडोजर मॉडल’ की याद दिलाते हुए खुली चेतावनी दी. उन्होंने लिखा- “ओम प्रकाश राजभर सपाई गुंडों से डरने वाला नहीं है. अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो ये योगी सरकार है, गुंडों का इलाज बेहतर ढंग से करना खूब आता है.” असली ओबीसी समाज के जागने का दावा करते हुए राजभर ने इस पूरी सियासी जंग को ‘जय श्री राम, जय श्री कृष्ण और जय महाराजा सुहेलदेव’ के नारों के साथ एक नया और खूंखार रूप दे दिया है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read