Satna railway station Viral Video: सतना/अमित: मध्य प्रदेश के सतना रेलवे स्टेशन (Satna Railway Station) से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां ‘नेकी कर दरिया में डाल’ वाली कहावत उल्टी पड़ गई. जिस आरपीएफ (RPF) जवान ने एक यात्री की पटरी पर गिरने के बाद जान बचाई, उसी नशेड़ी यात्री ने जवान के हाथ से लाठी छीनकर उसे सरेआम बीच प्लेटफॉर्म पर पीटना शुरू कर दिया. शनिवार शाम की इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर आग की तरह वायरल हो रहा है.
पटरी पर गिरा नशेड़ी, RPF ने बचाई जान (Drunk passenger At Satna station)
जीआरपी और आरपीएफ के मुताबिक, आरोपी की पहचान 36 वर्षीय बिहारी लाल (निवासी कौशांबी, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. वह काम के सिलसिले में मुंबई जा रहा था, लेकिन शराब के भयंकर नशे में होने के कारण वह सतना स्टेशन पर ही उतर गया. नशे की हालत में जब वह रेलवे ट्रैक पार करने लगा, तो लड़खड़ाकर पटरियों के बीच गिर गया. तभी प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर गश्त कर रहे आरपीएफ हेड कांस्टेबल गोविंद नारायण सिंह (जीएन सिंह) ने दौड़कर अन्य लोगों की मदद से उसे पटरी से उठाया और सुरक्षित प्लेटफॉर्म पर लाए.
सतना रेलवे स्टेशन मा नशा मा धुत यात्री खूब हंगामा मचाइस
रेलवे ट्रैक पार करत मा गिर गवा ते
RPF के जवान ओकर जान बचाइके प्लेटफार्म मा लियाइस
समझाइस देय पर यात्री भड़क गवा अउ प्रधान आरक्षक जी.एन. सिंह के लाठी छीनेक उनही प हमला कर दिहिस
आरोपी बिहारी लाल, जिला कौशांबी (UP) के रहइया आए pic.twitter.com/N0EYiKHTV8— Cockroach Janta Party Ka Bap (@ShyamDatt_C) July 12, 2026
जान बचाने वाले को ही लाठी से पीटा (Satna viral video RPF)
प्लेटफॉर्म पर लाने के बाद जब हेड कांस्टेबल जीएन सिंह ने उसे ट्रैक पार करने को लेकर डांट-फटकार लगाई और समझाइश दी, तो नशे में धुत बिहारी लाल आगबबूला हो गया. उसने बहस शुरू कर दी और अचानक फुर्ती दिखाते हुए जीएन सिंह के हाथ से उनका डंडा (लाठी) छीन लिया और उन पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. इस अप्रत्याशित हमले से प्लेटफॉर्म पर अचानक अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, वहां मौजूद वेंडरों और अन्य आरपीएफ जवानों ने तुरंत दौड़कर आरोपी को दबोच लिया और जवान की जान बचाई.
ये भी पढ़ें: सुरों की ‘नाइटिंगेल’ एस. जानकी का निधन: संगीत की दुनिया में शोक की लहर, पीएम मोदी ने जताया दुख
जीआरपी ने भेजा हवालात (GRP Satna police action)
मारपीट के बाद आरोपी बिहारी लाल को तुरंत जीआरपी (GRP) के हवाले कर दिया गया. जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश राज ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने और रेलवे अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है. जिस शख्स ने उसकी जिंदगी बचाई, उसी पर हाथ उठाने वाले इस नशेड़ी को अब सलाखों के पीछे अपने किए की सजा भुगतनी पड़ेगी!
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


